अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ‘सशक्त लोकतंत्र का निर्माण’ 9 नवंबर 2017 को सभी मतदान करें। 28 अक्तूबर से जिला प्रशासन और बीएसएनएल के संयुक्त सहयोग से ‘सशक्त लोकतंत्र का निर्माण’ मैसेज जिला शिमला के लाखों मतदाताओं के मोबाइल पर भेजा जाएगा।
उपायुक्त प्रशासन की ओर से मतदाताओं को मताधिकार के बहुमूल्य प्रयोग और जिला भर में मतदाता प्रतिशतता को बढ़ाने के लिए ‘सशक्त लोकतंत्र का निर्माण करें’ मैसेज सूबे के करीब तीन लाख बीएसएनएल उपभोक्ताओं के मोबाइल पर भेजा जाएगा।
गौरतलब है कि 2012 विधानसभा चुनाव में जिला शिमला के आठ विस चुनाव क्षेत्रों में कुल 69.05 प्रतिशत मतदान हुआ था। इसमें चौपाल चुनाव क्षेत्र में 75.73, ठियोग में 74.96, कसुम्पटी में 60.48, शिमला शहरी में 59.22, शिमला ग्रामीण में 59.32, जुब्बल-कोटखाई में 79.18, रामपुर में 74.12, रोहडू में 68.93 प्रतिशत मतदान हुआ था। वहीं, जुब्बल-कोटखाई में सबसे ज्यादा 79.18, जबकि शिमला शहरी में सबसे कम 59.22 फीसदी मतदान हुआ था। अतिरिक्त उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि मैसेज का उद्देश्य मतदाताओं को मताधिकार के बारे में जागरूक करना और जिला भर के चुनाव क्षेत्रों में मतदाता प्रतिशतता को बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए 28 अक्तूबर को पहले फेस में शिमला शहर के आसपास के क्षेत्रों में ‘सशक्त लोकतंत्र का निर्माण’ मैसेज भेजे जाऐंगे, जबकि दूसरे फेस में 9 नवंबर को पूरे जिले के मतदाताओं को यह मैसेज भेजे जाऐंगे।