बसंतपुर की घटना, लोगों ने सूचना के आधार पर दोनों को पकड़कर पुलिस के किया हवाले
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सुन्नी के बसंतपुर क्षेत्र में एंबुलेंस से 2 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एंबुलेंस के चालक समेत दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
बसंतपुर के स्थानीय लोगों को लंबे समय से इन युवाओं के बारे में सूचना थी। इसी आधार पर मंगलवार शाम को लोगों ने एंबुलेंस में ही दोनों युवाओं को पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने सुन्नी पुलिस स्टेशन को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक एंबुलेंस के डैश बोर्ड से 2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। एंबुलेंस का संचालन निजी संस्था की ओर से किया जा रहा है। इससे पहले राजधानी में भी पुलिस ने एक एंबुलेंस से नशा बरामद किया था। पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोग लंबे समय से नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसमें नशे के आदी युवाओं और नशा बेचने वालों पर लोग खुद भी कड़ी नजर रख रहे हैं। इस मुहिम का मकसद क्षेत्र में नशा तस्करी पर अंकुश लगाना हैं। एसएसपी शिमला संजीव कुमार गांधी ने बताया नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।