वाणिज्यकर विभाग की छापेमारी के विरोध में उतरे व्यापारी
रामपुर (ब्यूरो)। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की बैठक में वाणिज्यकर विभाग द्वारा कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई गई। चेतावनी दी गई है कि बिना वजह छापेमारी करके व्यापारियों का उत्पीड़न किया गया तो चुप नहीं बैठेंगे। व्यापारी भूख हड़ताल करेंगे।
मिस्टन गंज में हुई बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी ने कहा कि फर्जी शिकायत पर वाणिज्यकर विभाग की कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत कर जांच के नाम पर ब्लैकमेल करने वालों के खिलाफ संगठन आंदोलन करेगा और, जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल भी करेगा। उन्होंने कहा कि वाणिज्यकर विभाग के अधिकारी छापेमारी से पहले व्यापारी वर्ग को विश्वास में ले लें, क्योंकि व्यापारी व्यापार कर रहा है, कोई चोरी नहीं कर रहा है। बैठक में शहर में चोरी की घटनाओं का खुलासा नहीं होने पर भी जल्द आंदोलन की रणनीति पर विचार किया गया। बैठक में मोहम्मद शाहिद शमसी, इमरान सलीम, विलाल शमसी, अरविंद गुप्ता, शाकेब अहमद, सतपाल टीटू, मोहन अरोरा, मंजीत सिंह आदि मौजूद रहे।