मौलाना मोहम्मद अली जौहर अस्पताल के ब्लड बैंक संचालन पर रोक
रामपुर (ब्यूरो)। नगर स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर अस्पताल के ब्लड बैंक के संचालन पर औषधि विभाग ने रोक लगा दी है। औषधि निरीक्षक के औचक निरीक्षण में ब्लड बैंक में उपकरणों से लेकर रिकार्ड तक में खामियां मिलीं थीं। इस दौरान मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज भी नहीं मिले थे। निरीक्षण की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है।
औषधि निरीक्षक अनुरोध कुमार ने बिलासपुर रोड स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर अस्पताल के ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। निरीक्षण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सौ दिन में सभी ब्लड बैंकों के निरीक्षण करने संबंधी निर्देशों के तहत किया गया था। निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक में कई अनियमितताएं पाई गईं। ब्लड बैंक में पिछले साल 3835 व इस साल 8 जून तक 1669 ब्लड यूनिट एकत्र की गईं थीं लेकिन, इनके डिस्ट्रिब्यूशन का कोई रिकार्ड उपलब्ध नहीं था। ब्लड बैंक प्रबंधन द्वारा मास्टर रिकार्ड भी निरीक्षण के दौरान प्रस्तुत नहीं किया गया। एलीजा रीडर मशीन निरीक्षण के दौरान न तो इंस्टॉल मिली और न ही क्रियाशील पाई गई। साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। डोनर के लिए बनाए गए रिफ्रेशमेंट रूम का एसी काम नहीं कर रहा था। ब्लड बैंक का कार्यालय स्टेलाइजेशन लैब में किया जा रहा था। ब्लड डिस्कार्ड करने के लिए प्रयोग होने वाली आटोक्लैब भी खराब हालत में स्टोर रूम में पाई गई। निरीक्षण के दौरान ब्लड बैंक के मेडिकल ऑफिसर इन चार्ज भी उपस्थित नहीं मिले। इस पर औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम की धारा 22 (1)(डी) के तहत ब्लड बैंक के संचालन पर रोक लगा दी गई है।
कोट
बिलासपुर रोड स्थित मौलाना मोहम्मद अली जौहर अस्पताल के ब्लड बैंक में निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। इसके संचालन पर रोक लगाते हुए इन्हें दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। -अनुरोध कुमार, औषधि निरीक्षक