मैदानी इलाकों में तपिश बढ़ने के साथ ही सैलानियों ने हिल्सक्वीन शिमला की ओर रुख कर लिया है। वीकेंड होने पर भी भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। सैलानियों की संख्या बढ़ने के साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे हैं। 15-20 मिनट के सफर में एक घंटा तक लग रहा है।
शहर की सड़कों पर बढ़े ट्रैफिक के कारण दोपहर बाद से लेकर देर शाम तक सर्कुलर रोड सहित अन्य मुख्य सड़कों पर घंटों जाम लगा रहा। इस कारण पर्यटकों के साथ शहर के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर के सर्कुलर रोड पर विक्ट्री टनल से लेकर लिफ्ट और टालैंड तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बाहरी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से निजात पाने के लिए शिमला पहुंचे पर्यटकों को अपनी गाड़ियों में जाम में फसे रहे।
उधर रिज और माल रोड पर पर्यटकों और शहर के लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। होटल एसोसिएशन शिमला के प्रधान हरनाम सिंह कुकरेजा ने बताया कि इन दिनों पर्यटन सीजन चरम पर है।
सभी होटल फुल हैं, यानी 100 प्रतिशत ऑक्यूपैंसी हो गई है। उन्होंने कहा कि पार्किंग भी फुल है। सरकार से मांग रखी कि राजधानी के प्रतिबंधित मार्गों को इन दिनों खोल दिया जाए ताकि सैलानी वाहन पार्क कर सकें और उन्हें कोई दिक्कत न पेश आए।