शिमला। कुफरी के पास नेशनल हाइवे-5 पर शनिवार को जाम लग गया। बड़ी संख्या में टूरिस्ट वाहनों के कुफरी पहुंचने के कारण यह समस्या हुई। सैलानियों ने नेशनल हाईवे के किनारे बेतरतीब गाड़ियां खड़ी कर दी। व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात न होने के कारण सड़क पर दोनों ओर गाड़ियों की डबल लाइनें लग गईं। कुफरी स्थित होटल मैनेजमेंट संस्थान के पास से लेकर कुफरी बाजार और छराबड़ा तक सड़क पूरी तरह जाम हो गई। वाहनों की कतार कुफरी से फागू और दूसरी और कुफरी से ढली तक लग गई।
जाम में पर्यटक वाहनों के अलावा दर्जनाें एचआरटीसी और प्राइवेट बसें भी फंसी रही। शाम ढलने के बाद बर्फ के बीच फंसे वाहनों में सैलानी और स्थानीय लोग ठंड से ठिठुरते रहे। जाम में फंसे ठियोग के राकेश शर्मा, विनोद शर्मा और ज्ञानचंद ने बताया कि पुलिस को 100 नंबर पर जाम की सूचना दी गई लेकिन स्थिति इस कदर खराब थी कि पुलिस की गाड़ियां भी मौके तक नहीं पहुंच पाईं। हालात इस कदर बिगड़ गए कि गाड़ियों में छोटे बच्चे भूख से बिलखने लगे, लोगों को पीने के लिए पानी तक नहीं मिला। जाम में कई एंबुलेंस भी घंटों फंसी रहीं। जाम में फंसे रहने के कारण लोगों के मोबाइल की बैटरियां खत्म हो गईं और लोग घर बात तक नहीं कर पाए। तीन बजे से लगा जाम रात आठ बजे तक भी नहीं खुल पाया था।
जब हालात बिगड़े, तब मौके पर रवाना हुए डीसी-एसपी
शाम करीब सात बजे जब हालात बुरी तरह बिगड़ने की सूचना प्रशासन को मिली, तब कहीं जाकर डीसी शिमला अमित कश्यप और एसपी शिमला ओमापति जम्वाल कुफरी की ओर रवाना हुए। डीसी और एसपी ने बताया कि मौके पर अधीनस्थ अधिकारियों को भेजा गया था। लेकिन अब खुद भी मौके पर व्यवस्था का जायजा लेने जा रहे हैं।
फिर क्यों सोया रहा पुलिस प्रशासन
बर्फबारी के बाद वीकएंड पर कुफरी में सैलानियों की आमद बढ़ने की संभावना थी। बावजूद इसके पुलिस प्रशासन ने यहां जाम से निपटने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की। नतीजन जाम में फंसने के कारण सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।