माइनस डिग्री तापमान में रोज लग रहे बिजली कटों से बोर्ड के सारे दावे हवा हो गए। शहर के कई इलाकों में रोज सुबह और शाम पावर कट लग रहे हैं। आलम यह है कि कड़ाके की ठंड में लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। शहर के कई इलाके ऐसे हैं जहां पांच मिनट के लिए बिजली आती है और फिर चली जाती है। कई उपनगरों में हफ्ते से समस्या है। पर सुनने वाला कोई नहीं। लोग कह रहे हैं कि कर्मचारी फोन उठाते नहीं, शिकायत करें तो कहां।
वीरवार सुबह सात बजे से ही राजधानी के कई इलाकों में बिजली कट लगने शुरू हो गए। नवबहार, पंथाघाटी, परिमहल, मैहली, मल्याणा, टिंबर हाउस और कनलोग के इलाकों में सुबह ही बिजली चली गई। सुबह उठने से पहले ही बिजली गुल हो गई। इससे लोगों को बिना नहाए कार्यालय जाना पड़ा। इस दौरान गृहिणियों को भी बिना बिजली के घर के कामकाज में परेशानी का सामना करना पड़ा।
दूसरी तरफ माल रोड, विटंर फील्ड और गंज बाजार में भी दिनभर बार-बार कट लगते रहे। इससे सरकारी और निजी कार्यालय के अलावा कारोबारियों का कामकाज प्रभावित रहा। स्थानीय निवासी पीयूष, रवि, शशि, भारती, सुरेंद्र और भावना ने बताया कि बिजली बोर्ड राजधानी में ही बिजली के अघोषित कट लगा रहा है तो दुर्गम क्षेत्र में बिजली का क्या हाल होगा।
बिजली बोर्ड के अधीक्षण अभियंता राजीव सूद ने बताया कि शहर में ओवरलोडिंग के कारण बिजली के कट लगाए जा रहे हैं। वहीं जतोग से मेन लाइन में दोबारा से फाल्ट आ जाने से सुबह के समय कुछ घंटों के लिए विद्युत आपूर्ति प्रभावित रही।
मल्याणा और पंथाघाटी में एक हफ्ते से दिक्कत
मल्याणा और पंथाघाटी के स्थानीय निवासी देविंद्र, यशपाल, प्रति, सुरेश और प्रभु शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में करीब एक हफ्ते से बिजली कट लग रहे हैं। बिजली चले जाने से बड़ी मुश्किल का सामना करना पड़ रहा है। पहले सुबह के समय फिर देर शाम बिजली के कट लग रहे हैं। बोर्ड कर्मचारियों को कई बार इस समस्या से अवगत करवा चुके हैं लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
बिजली बोर्ड के कार्यालय में नहीं उठा रहे फोन
मल्याणा और पंथाघाटी के स्थानीय लोगों ने ‘अमर उजाला’ कार्यालय में बिजली की समस्या के बारे में बताया। उनका कहना था कि बिजली बोर्ड के कार्यालय में कर्मी फोन नहीं उठाते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति चले जाने की शिकायत करें तो कहां।