अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के बीचोंबीच कमला नेहरू अस्पताल के पास एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण कर दिया। निगम के कहने के बावजूद रविवार रात तक निर्माण कार्य जारी रहा। लेकिन सुबह होते ही निगम ने इसे तोड़कर हटा दिया।
निगम प्रशासन के अनुसार एक व्यक्ति दो दिन से यहां निर्माण करवा रहा था। ग्रीन एरिया में दिन रात काम चल रहा था। रविवार को निगम को इसकी शिकायत मिली। कनिष्ठ अभियंता ने व्यक्ति को काम बंद करने को कहा। लेकिन यह नहीं माना और लोहे की चादरों से सड़क किनारे एक शेड तैयार कर दिया। दावा किया कि उसके पास निर्माण की अनुमति है। सोमवार सुबह एपी शाखा की एक टीम मौके पर पहुंची। व्यक्ति को निर्माण की अनुमति दिखाने को कहा लेकिन यह नहीं दिखा पाया। इसके बाद निगम की टीम ने अवैध निर्माण तोड़कर सामान जब्त कर लिया। एपी राजीव शर्मा ने कहा कि यह निर्माण सरकारी जमीन पर हो रहा था, जिसे हटा दिया है।
पहले भी आ चुकी अवैध निर्माण की शिकायत
एक साल पहले भी निगम को यहां अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। तब सड़क किनारे लोहे के पिल्लर खड़े कर अवैध निर्माण किया जा रहा था। बाद में निगम ने इसे रुकवा दिया था। लोहे के ये पिल्लर अब भी यहां खड़े हैं। एनजीटी के फैसले के बाद शहर के कोर और ग्रीन एरिया में निर्माण कार्य पूरी तरह बंद है। लेकिन कुछ लोग सरकारी जमीन पर भी अवैध निर्माण खड़े कर रहे हैं।
तोड़ दिया गया है अवैध निर्माण
केएनएच के पास अवैध निर्माण की शिकायत मिली थी। सोमवार सुबह मौके पर जो अवैध निर्माण पाया गया है, उसे तोड़ दिया गया है। शहर में अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
-पंकज राय, नगर निगम आयुक्त