कश्मीर यूनिवर्सिटी में खेलेगी एचपीयू गैर शिक्षकों की क्रिकेट टीम
16वीं वाइस चांसलर क्रिकेट टूर्नामेंट-2018 में लेगी 16 सदस्यीय टीम
कुलपति ने टीम को शुभकामनाएं देकर किया रवाना
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के गैर शिक्षकों की क्रिकेट टीम कश्मीर यूनिवर्सिटी हजरतबल श्रीनगर में 29 अगस्त से शुरू होने वाली 16वीं वाइस चांसलर क्रिकेट प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सिकंदर कुमार ने विवि कर्मियों की सोलह सदस्यीय टीम को शुभकामनाएं देकर सोमवार को रवाना किया। 2016 में वाइस चांसलर कप जीत चुके हिमाचल के गैर शिक्षक टीम के खिलाड़ियों से कुलपति ने उम्मीद लगाई है कि टीम एक बार फिर से इस विश्वविद्यालय के कर्मचारियों के टूर्नामेंट को जीत कर लौटेगी। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की टीम को इस टूर्नामेंट में ग्रुप सी में रखा गया है। एचपीयू की टीम का पहला मुकाबला 30 अगस्त को एमपी केवी राहुरी के साथ होगा, जबकि दूसरा मुकाबला तीन सितंबर को सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू के साथ, तीसरा लीग मुकाबला सकौसी कश्मीर यूनिवर्सिटी के साथ जबकि चौथा और अंतिम मुकाबला आरटीएम नागपुर के साथ खेला जाना है। लीग मुकाबलों में नॉक आउट होगा। एचपीयू की टीम मंगलवार को श्रीनगर के लिए रवाना होगी।
विश्वविद्यालय के गैर शिक्षकों की वाइस चांसलर टूर्नामेंट में भाग लेेने जा रही टीम के सदस्यों में राजेश ठाकुर, देवेंद्र चौहान, ललित कुमार, राजेश चौहान, विजय ठाकुर, सिद्धार्थ शर्मा, मुकेश कुमार, धर्म प्रकाश, सुरेंद्र सिंह वर्मा, चेतावर सिंह, डॉ. विनोद कुमार ठाकुर, राजेंद्र सिंह ठाकुर, राजेंद्र कुमार, हरीश शर्मा, गीता राम, कमलेश सिंह शामिल हैं।