शिमला में लिफ्ट से माल रोड जाने के लिए सैलानियों की उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
हिल्सक्वीन शिमला में सैलानियों की सैलाब उमड़ आया है। रोजाना हजारों की संख्या में पर्यटक वाहन शिमला पहुंच रहे हैं। रविवार को दोपहर बाद चार बजे ही सर्कुलर रोड की पार्किंग पैक हो गई। पार्किंग में जगह न मिलने के बाद सैलानियों ने मुख्य सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी करनी शुरू कर दीं, जिससे ट्रैफिक जाम हो गया।
मैदानों में तपती गर्मी से निजात पाने के लिए भारी संख्या में सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। इस वीकएंड पर भारी संख्या में टूरिस्ट वाहनों की शहर में एंट्री हुई है। शनिवार को सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे के बीच 7655 गाड़ियां शिमला पहुंचीं। रविवार को भी बाहरी क्षेत्रों से टूरिस्ट गाड़ियों के शहर में प्रवेश का सिलसिला बदस्तूर जारी रहा। रविवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक 6268 टूरिस्ट वाहन शहर में पहुंच चुके थे।
शहर में टूरिस्ट वाहनों की भारी आवक के कारण सर्कुलर रोड की पार्किंग शाम चार बजे तक पैक हो गईं। पार्किंग में जगह न मिलने के बाद टूरिस्टों ने मुख्य सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी करनी शुरू कर दीं। इससे जाम लग गया। चार बजे के बाद लिफ्ट से होटल हॉलीडे होम होते हुए बैम्लोई तक गाड़ियों की कतारें लग गईं।
700 की क्षमता वाली पार्किंग में महज 33 गाड़ियां पार्क
शहर के प्रवेश द्वार टूटीकंडी क्रासिंग पर स्थित 700 गाड़ियों की क्षमता वाली पार्किंग में रविवार शाम चार बजे महज 33 गाड़ियां पार्क थीं। शहर की पार्किंग पैक होने के बाद बाहरी क्षेत्रों से आने वाली गाड़ियों को टूटीकंडी क्रासिंग पार्किंग में खड़ी करने की व्यवस्था की जानी थी लेकिन रविवार को धरातल पर ऐसी कोई व्यवस्था देखने को नहीं मिली। क्रासिंग पार्किंग में अगर गाड़ियां खड़ी कर सैलानियों को शहर तक पहुंचाने के लिए कोई पुख्ता व्यवस्था की जाती तो जाम की समस्या से राहत मिल सकती थी।
सड़क के दोनों ओर अवैध पार्किंग से बिगड़े हालात
रविवार शाम सर्कुलर रोड पर सड़क के दोनों और कतार में गाड़ियां खड़ी कर दी गईं, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या गहरा गई। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की आवाजाही न हो पाने के कारण ट्रैफिक जाम हो गया।