आईजीएमसी के बाद अब डीडीयू अस्पताल में लगी सीटी स्कैन मशीन भी खराब हो गई। देर शाम मशीन में आई तकनीकी खराबी के बाद शनिवार को मरीजों के टेस्ट नहीं हो पाए। लिहाजा आईजीएमसी से भेजे गए मरीजों को यहां भी मायूसी ही हाथ लगी।
जोनल अस्पताल डीडीयू में लगी मशीन में लगी ट्यूब खराब हो गई है। इस ट्यूब को बैंगलोर से मंगवाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर बाद ही यह शिमला पहुंच पाएंगी। शनिवार को चौपाल की रहने वाली नागेश्वर देवी घर पर गिर गई थीं, उन्हें स्पाइन इंजरी हुई।
आईजीएमसी उपचार के लिए पहुंची तो डॉक्टरों ने सीटी स्कैन करवाने की सलाह दी। आईजीएमसी में मशीन खराब होने के कारण महिला सीटी स्कैन करवाने डीडीयू अस्पताल आई लेकिन यहां से भी उन्हें मशीन खराब होने पर मायूस होकर लौटना पड़ा। उधर रितेश ने कहा कि उनका नंबर लिया है, मशीन दुरुस्त होने के बाद जानकारी दी जाएगी।
पिछले पांच दिन से भी अधिक समय से आईजीएमसी में मशीन खराब पड़ी है, ऐसे में डीडीयू अस्पताल की मशीन एकमात्र सहारा था लेकिन अब यहां भी मशीन खराब होने से मरीजों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। निजी क्लीनिकों में सीटी स्कैन के काफी अधिक रेट हैं।