जिला और ब्लॉक स्तर पर खेल गतिविधियां संचालित करने के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग वालंटियर की तैनाती करेगा। नोडल क्लब योजना के तहत रखे जाने वाले इन वालंटियर के लिए जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग कार्यालयशिमला ने आवेदन आमंत्रित किए है। यह जानकारी जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी बली राम शर्मा ने दी। बताया कि दो साल के लिए वालंटियर रखे जाएंगे।
जिला वालंटियर को छह हजार और ब्लॉक वालंटियर को तीन हजार रुपये मासिक मानदेय मिलेगा। डीएसओ ने कहा कि वालंटियर बनने के इच्छुक उम्मीदवार 25 जून तक जिला कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके साथ उन्हें अपने दसवीं और जमा दो परीक्षा के प्रमाणपत्र साथ लगाने होंगे। इन वालंटियर की तैनाती विभाग की कुछ पात्रता शर्तों के मुताबिक होगी। खंड स्तर पर रखे जाने वाले वालंटियर की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता जमा दो या इसके समकक्ष होना जरूरी है। जिला मुख्यालय पर रखे जाने वाले यूथ वालंटियर के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक डिग्री या इसके समकक्ष तथा कंप्यूटर में दक्षता होनी चाहिए। चयनित यूथ वालंटियर की आयु सीमा 31 मार्च 2019 को 21 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। नियमित तौर पर पढ़ाई कर रहे छात्र एवं युवा जो किसी अस्थायी या अंशकालिक सेवा में हो यूथ वालंटियर बनने के लिए पात्र नहीं होंगे। इस संबंध में इन मोबाइल नंबर 9418030012, 7018290424 पर संपर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। ।
सक्रिय युवक मंडलों से चुनेंगे नोडल क्लब
डीएसओ बली राम शर्मा ने बताया कि जिले के सभी विकास खंडों में सक्रिय युवक मंडलों में से एक-एक नोडल क्लब का चयन किया जाएगा। इनका कार्यकाल दो वर्ष ही होगा। इसके लिए वही युवक मंडल आवेदन को पात्र होंगे, जो हिमाचल प्रदेश सोसायटी एक्ट 2006 के तहत पंजीकृत होंगे। विभागीय गतिविधियों और सामाजिक कार्य में सक्रिय होंगे। वह अपने क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहे हों। नोडल क्लब के लिए आवेदन करने वाले युवक मंडलों को सोसायटी एक्ट के तहत अपने संगठन के पंजीकरण की प्रतिलिपि सहित दो सालों में किए कार्यों का ब्यौरा देना होगा। आवेदन की यह प्रक्रिया 25 जून तक पूरी करनी होगी।