अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के क्रिकेट प्रेमियों को आज होने वाले इंडिया और पाकिस्तान के क्रिकेट मैच का बेसब्री से इंतजार है। रविवार को होने वाले इस मैच का स्थानीय लोग घरों में ही लुत्फ उठाएंगे जबकि शिमला पहुंचे सैलानी सुबह साइट सीन का आनंद लेंगे और दोपहर में होटल लौट कर मैच का मजा लेंगे। इस वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान क्रिकेट के मैदान पर पहली बार भिड़ने वाले हैं। शहर के लोगों ने मैच देखने के लिए खास तैयारियां कर रखी हैं।
वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत की तैयारी सिर्फ दोनों टीमें ही नहीं कर रहीं बल्कि देश के हर कोने में मैच की तैयारी आम लोग भी कर रहे हैं। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन शिमला के अध्यक्ष संजय सूद का कहना है कि भारत-पाक मैच के लिए शहर के होटलों और रेस्टोरेंटों में बढ़ी स्क्रीनें लगाई गई हैं। टूरिस्ट भी संडे को सुबह के समय साइट सीन के लिए गाड़ियों की मांग कर रहे हैं और दोपहर में वापस होटल लौटकर मैच का आनंद उठाना चाहते हैं। श्यार बड़ागांव के युवा क्रिकेटर सुनील ठाकुर ने बताया कि दोस्तों के साथ घर पर ही एलईडी स्क्रीन पर मैच का लुत्फ उठाने की प्लानिंग है। विकासनगर के युवा क्रिकेटर सौरभ शर्मा ने बताया कि इंडिया पाकिस्तान मैच के लिए मिठाइयों और पटाखों का खास इंतजाम किया है।
16 जून फादर्स डे के दिन मैच
भारत और पाकिस्तान के बीच 16 जून फादर्स डे के दिन मैच है। मैच को लेकर कई विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। एक विज्ञापन में भारतीय टीम को ‘बाप’ और पाकिस्तान टीम को ‘बेटे’ की तरह दिखाया है। ‘मौका मौका’ विज्ञापन को भी सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है। विंग कमांडर अभिनंदन की मूंछों पर भी विज्ञापन बनाया है।
मैच को लेकर उत्साह पर बारिश का भी डर
चिर प्रतिद्वंद्वी भारत-पाकिस्तान के बीच रविवार को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफ र्ड में मैच होगा। मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जितना उत्साह है उतना ही बारिश का डर भी सता रहा है। विश्व कप में अब तक चार मैच बारिश की भेंट चढ़ चुके हैं। पाकिस्तान-श्रीलंका, दक्षिण अफ्रीका-वेस्टइंडीज, बांग्लादेश-श्रीलंका और भारत-न्यूजीलैंड के मुकाबले बारिश के कारण नहीं हो पाए हैं। संडे को मैनचेस्टर में मौसम का हाल जानने को लेकर लोग खासे उत्सुक हैं।