अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। प्रतिभा सभी में किसी न किसी रूप में छिपी रहती है, बस उसे निखरने का अवसर मिलना चाहिए। शनिवार को ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में प्रदेश भाषा संस्कृति विभाग, ओकार्ड इंडिया दिल्ली और कला संस्कृति भाषा अकादमी की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यह बात महिला आयोग अध्यक्ष डेजी ठाकुर ने कही। इस कार्यक्रम में दिव्यांग विद्यार्थियों और युवा लेखकों ने अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित किया। इसके अलावा स्कूली ओर महाविद्यालय से आए विद्यार्थियों ने संस्कृति के संरक्षण का संदेश देने के अलावा जलीयांवाला बाग, स्वच्छता एवं पर्यावरण विषयों पर प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में महिला आयोग अध्यक्षा डेजी ठाकुर और कैलाश फाउंडेशन के चेयरमैन रवि मेहता बतौर मुख्यातिथि, सेवानिवृत्त आईएएस केआर भारती और महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त निदेशक भावना विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अमर उजाला ने अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत इसमें मीडिया पार्टनर के रूप में सहयोग किया। कार्यक्रम में दो सत्र आयोजित किए गए। इसमें कौशिक, मोक्श, दिव्यज्ञन नेगी, सात्विक चंदेल, आदर्श ठाकुर, शलीना खातून, महक ठाकुर, कार्तिक कश्यप, अर्चना, आकाश रघुवंशी, अंशुल, तनवी शर्मा, कनू, भानू, काजल, सुमन, पूजा, सिमरत कौर, ज्योति, शिवानी और सौरव विशिष्ट को शानदार प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में किकली चैरिटेबल का भी सहयोग रहा।
भाषण में अभय, रामपाल रहे प्रथम, विद्यार्थी हुए पुरस्कृत
गेयटी में आयोजित चित्रकला स्पर्धा में कस्तूरबा आश्रम दुर्गापुर की प्रीति पहले, सर्वोदया बाल आश्रम के कमाल चंद दूसरे, ताराहाल स्कूल की सिमरत कौर तीसरे स्थान पर रहीं। कलरिंग स्पर्धा में बाल आश्रम टूटीकंडी की नीतिका प्रथम, सात्विक चंदेल और सर्वोदय बाल आश्रम की सुमन तीसरे स्थान पर रहीं। कविता में ताराहाल की कात्यायनी शर्मा प्रथम, पोर्टमोर की शालिनी दूसरे जबकि आरुषि स्कूल के कार्तिक कश्यप तीसरे स्थान पर रहे। कविता वर्ग में ताराहाल स्कूल की अनुष्का भारद्वाज ने प्रथम, सेंट थामस स्कूल की वदिंता और ऑकलैंड स्कूल की दिव्या मरवाहा ने तीसरा स्थान पाया। भाषा प्रतियोगिता में इंटरनेशनल पैराडाइज स्कूल ढली के अभय आजाद ने पहला, फागली स्कूल की आयशा ने द्वितीय और पोर्टमोर स्कूल की पारुल ने तीसरा स्थान हासिल किया। कविता प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग विभावरी धौलटा प्रथम और श्रेया ठाकुर द्वितीय स्थान पर रहीं। जूनियर वर्ग के भाषण प्रतियोगिता में जिया रामपाल प्रथम, अमिति वर्मा ने दूसरा स्थान, कान्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी स्कूल की गौरी चौहान को प्रथम और ताराहॉल स्कूल की काव्या चौहान को दूसरे स्थान आने पर विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मीनाक्षी सूद, नमिता लाल, दिनेश अत्री, नरेंद्र सूद, शीतल शर्मा, डॉ. प्रियंका वैध और डॉ. इंद्र कुमार मौजूद रहे।