हिल्सक्वीन शिमला में समर टूरिस्ट सीजन के दौरान सैलानियों की भारी आमद के बीच व्यवस्था संभालाना प्रशासन के लिए चुनौती बन गया है। वीकेंड पर हजारों की संख्या में सैलानी शिमला पहुंचे हैं। शनिवार दोपहर बाद शहर की पार्किंग पैक होने के बाद सैलानियों ने अपनी गाड़ियां सर्कुलर रोड के किनारे ही खड़ी कर दीं जिससे ट्रैफिक जाम हो गया।
शहर में सैलानियों की आमद बढ़ने से व्यवस्थाएं हांफ गई है। ट्रैफिक जाम के कारण सैलानियों को घंटों गाड़ियों में कैद रहना पड़ा। स्थानीय लोग भी ट्रैफिक जाम की वजह से परेशान हुए। वाहनों की कतार विक्ट्री टनल से टूटीकंडी क्रासिंग दूसरी ओर ताराहाल और लिफ्ट तक लग गईं। भारी संख्या में वाहनों की आमद के कारण पुलिस के जवानों को भी भारी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम सर्कुलर रोड पर टूरिस्ट वाहन पार्क होने के कारण ट्रैफिक जाम में वाहन फंस गए।