समर टूरिस्ट सीजन के दौरान शिमला पहुंच रहे सैलानियों की मदद के लिए जिला पुलिस ने शिमला में टूरिस्ट पुलिस की तैनाती कर दी है। पहले चरण में सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास दो शिफ्टों में 4 कांस्टेबलों की तैनाती की है। टूरिस्ट पुलिस के कांस्टेबलों को सैलानी आसानी से पहचान सकें इसके लिए इन्हें सेरेमोनियल ड्रेस में तैनाती दी है।
शहर में ऐसी जगहों पर जहां सैलानियों की आवाजाही अधिक रहती है टूरिस्ट पुलिस की तैनाती की जा रही है। सर्कुलर रोड पर लिफ्ट के पास जहां सैलानी सड़क क्रॉस करते हैं सड़क के दोनों ओर सेरेमोलियल ड्रेस में टूरिस्ट पुलिस के जवानों की तैनाती की है। टूरिस्ट पुलिस के जवान यहां सड़क क्रॉस करने में सैलानियों की मदद कर रहे हैं।
टूरिस्टों को सड़क क्रॉस करवाने के लिए ट्रैफिक रोकने के इन्हें विशेष अधिकार दिए हैं। इसके अलावा लिफ्ट कार पार्किंग पैक होने के बाद सैलानियों को गाड़ियां छोटा शिमला पार्किंग या टूटीकंडी क्रासिंग पार्किंग में खड़ी करने का सुझाव देने का भी जिम्मा सौंपा है।
सेरेमोनियल ड्रेस में तैनात किए चार जवान : कमल
डीएसपी ट्रैफिक कमल वर्मा ने बताया कि सैलानियों की सुविधा के लिए लिफ्ट के पास दो शिफ्टों में चार कांस्टेबल सेरेमोनियल ड्रेस में तैनात किए हैं। यह जवान सैलानियों को सड़क क्रॉस करवाने के अलावा उनका मार्ग दर्शन भी कर रहे हैं।
ट्रैफिक नियंत्रित करने को चालीस अतिरिक्त जवान
शहर में टूरिस्ट सीजन के चलते सैलानियों की आमद बढ़ने के बाद ट्रैफिक नियंत्रित करने के लिए रिजर्व बटालियन से 40 अतिरिक्त जवान शहर में तैनात कर दिए हैं। मौजूदा समय में शहर के 72 ट्रैफिक प्वाइंटों के अतिरिक्त भीड़ भाड़ वाली जगहों पर जहां अकसर जाम लगता है इन जवानों को तैनात किया है।