केबल बिछाने के लिए छोटा शिमला में सड़क किनारे की जा रही खुदाई आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नाली खोदने के कारण सड़क तंग होने से ट्रैफिक वन वे हो गया है जिससे जाम की समस्या पेश आ रही है। बुधवार को छोटा शिमला में सड़क संकरी होने के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनती रही। ट्रैफिक पुलिस को यातायात बहाल रखने के लिए खूब पसीना बहना पड़ा।
शिमला में टूरिस्ट सीजन चर्म पर है। रोजाना हजारों टूरिस्ट वाहन शिमला पहुंच रहे हैं। शहर की सड़कों पर सामान्य के मुकाबले वाहनों का दबाव दुगना है। ऐसे में छोटा शिमला चौक पर ट्रैफिक पुलिस गुमटी के पास से केबल बिछाने के लिए नाली की खुदाई का काम शुरू कर दिया है। पुलिस गुमटी से पुलिस थाने की ओर खुदाई की जा रही है।
पुलिस ने खुदाई के बाद मिट्टी सड़क पर न फेंकने के निर्देश दिए है ताकि वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो। सड़क संकरी होने से बुधवार सुबह छोटा शिमला चौक पर जाम की स्थिति बन गई। चौक से निगम बिहार, हिमफेड पेट्रोल पंप और ब्रॉकहास्ट की ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आफिस टाइम में लगे जाम के कारण लोगों को दफ्तरों तक पहुंचने में खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
पुलिस को नहीं दी गई खुदाई की अग्रिम सूचना : डीएसपी
डीएसपी ट्रैफिक कमल वर्मा ने कहा कि टूरिस्ट सीजन के दौरान सड़क की खुदाई से दिक्कत पेश आ रही है। खुदाई को लेकर पुलिस को कोई अग्रिम सूचना नहीं दी गई। खुदाई के बाद मिट्टी सड़क की ओर न फेंकने के निर्देश दिए गए हैं।