परिवहन एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री जीएस बाली ने बेरोजगारों को रोजगार भत्ता देने की सरकार की घोषणा पर 12 अप्रैल को नगरोटा बगवां के हटवास में विशाल युवा रैली करने का एलान किया है। कांगड़ा में प्रेस कांफ्रेंस में बाली ने कहा कि रैली राजनीतिक नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकार की होगी।
इसमें मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू सहित केंद्रीय नेता भी शिरकत करेंगे। बेरोजगारों को उनका हक दिलाने को वे लड़ाई लड़ते रहे हैं। पिछले विस चुनाव में प्रदेश का भ्रमण कर बेरोजगारों को रोजगार भत्ता दिलाने का वायदा किया था। इसे सरकार ने अब अमलीजामा पहनाया है।
1500 रुपये मासिक भत्ता देगी सरकार
+2 पास हर बेरोजगार जिसके परिवार की सालाना आमदनी दो लाख से कम है उसे सरकार 1500 रुपये मासिक भत्ता देगी। बेरोजगारों को प्रदेश सरकार ने यह रोजगार भत्ता नहीं बल्कि सम्मान राशि है। इससे वह पढ़ाई या रोजगार के लिए आवेदन शुल्क दे सके। बाली ने कहा नगरोटा के बाद जिला स्तर व फिर हर जिला मुख्यालय पर युवा रैलियों का आयोजन किया जाएगा।
राशन के डिपुओं में अब प्रदेश सरकार ने सात दालें उपलब्ध करवाने का फैसला लिया है। राशनकार्ड धारक अपनी मर्जी की तीन दालें खरीद सकें। कांगड़ा नगर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए उन्होने दस करोड़ रुपये सरकार से मंजूर करवाए है। टंडन कल्ब में निर्माणाधीन सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख पए मंजूर किए है।
राहुल गांधी से कोई भी कभी भी मिल सकता है
तीन निर्दलीय विधायकों पवन काजल, मनोहर धीमान, और किरनेश जंग की कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से हुई मुलाकात पर जीएस बाली ने कहा कि राहुल गांधी से कोई भी व्यक्ति कभी भी मिल सकता है। विधानसभा चुनावों में पार्टी टिकट हासिल करने के लिए पहले पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करना जरूरी है।
इसके बाद ब्लाक और जिला कांग्रेस कमेटी की सिफारिश के बाद ही इलेक्षन कमेटी टिकट का फैसला करती है। वह ख़ुद भी इलेक्षन कमेटी में हैं। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमन वर्मा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार जसवाल, प्रदेश कांग्रेस सचिव नरेंद्र मोंगरा, चौधरी मान सिंह भी उपस्थित रहे।