भाजपा अध्यक्ष अमित शाह केंद्र के कई नेताओं को राज्य की कमान सौंपने की तैयारी में है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को जल्द ही हिमाचल भाजपा का अध्यक्ष बनाकर उन्हें प्रदेश के अगले विधानसभा चुनाव की कमान दी जाएगी। ओडिशा विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी सूबे का चेहरा बनाने की संभावनाएं हैं।
अमित शाह की ओर से अनिल बलूनी को मीडिया विभाग का प्रभारी बनाए जाने के बाद अब प्रवक्ताओं की नियुक्ति दोबारा से तय मानी जा रही है। वैसे 15 अप्रैल से पहले टीम में नए चेहरों के जुड़ने के आसार नहीं हैं। शाह का ध्यान अभी दिल्ली नगर निगम की रणनीति पर टिका है। उम्मीद जताई जा रही है कि भुवनेश्वर में होने वाली पार्टी के राष्ट्रीय कार्यसमिति बैठक के बाद ही शाह अपनी प्रवक्ताओं की टीम का असल चेहरा सामने रखेंगे।
नए पदाधिकारियों की नियुक्ति मध्य अप्रैल के बाद होने की ही संभावना है। उनकी टीम में पहले से ही दर्जनों पद खाली थे। ऊपर से कई नेताओं के यूपी और उत्तराखंड की सरकार में शामिल होने के बाद टीम शाह में नए चेहरों को शामिल करने के ढेरों अवसर बढ़ गए हैं। बताया जा रहा है कि राज्यों के मजबूत नेताओं को शाह अपनी टीम में जगह देंगे।