हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में 1500 पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी
- फोटो : Demo pic
हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड में 1500 पदों पर नई भर्तियां की जाएंगी। शुक्रवार को निदेशक मंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बिजली बोर्ड में कनिष्ठ अभियंता, लाइनमैन, जूनियर हेल्पर, सब स्टेशन अटेंडेंट और जूनियर टीमेट के 1500 नए पद भरे जाएंगे।
अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा तरुण श्रीधर की अध्यक्षता में हुई बैठक में बिलिंग और वसूली प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया। बिजली बोर्ड की परिचालन दक्षता को सशक्त करने और इसे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के निर्देशों पर खाली पदों को इंडक्शन स्तर पर भरने का निर्णय लिया गया है।
एसीएस तरुण श्रीधर ने बताया कि बिजली बिलिंग और बिल भुगतान की वसूली को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए बिल डिस्ट्रीब्यूटर या जूनियर ऑफिस असिस्टेंट के पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरा जाएगा।
हादसे रोकने के लिए भी लिए गए फैसले
निदेशक मंडल ने बिजली से संबंधित दुर्घटनाओं को खत्म करने के लिए तकनीकी कर्मचारी वर्ग को पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों से लैस करने का फैसला लिया है। यह भी निर्णय लिया गया कि कर्मचारी वर्ग और आम जनता से जुड़े सभी हितधारकों में भी इस बारे जागरूकता फैलाई जाएगी।
बैठक में सभी योजनाओं, परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उधर, बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के महासचिव हीरालाल वर्मा ने सुंदरनगर में हुए सम्मेलन में मुख्यमंत्री की घोषणाओं को पूरा करने पर प्रबंधन वर्ग का आभार जताया है।
बैठक में निदेशक ऊर्जा अजय शर्मा, बोर्ड लिमिटेड के प्रबंध निदेशक पीसी नेगी, स्वतंत्र निदेशक शरभ नेगी, निदेशक कार्मिक राजीव शर्मा, निदेशक सिविल पवन कुमार कोहली, निदेशक परिचालन आरके शर्मा, निदेशक तकनीकी बीएम सूद, कार्यकारी निदेशक कार्मिक रोहित जमवाल और कंपनी सचिव सुदर्शन शर्मा मौजूद रहे।