जिले में अब 427 हो जाएंगी पंचायतों की संख्या, 11 पंचायतों पर आपत्तियां दर्ज करवाने का आज आखिरी दिन
विज्ञापन
बसंतपुर को विभाजित कर मंडयालू बनेगी नई पंचायत अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जिला शिमला में 15 नई पंचायतें बनाई जाएंगी। जिला प्रशासन ने इसका प्रारूप जारी कर दिया है। चार पंचायतों पर आपत्तियां और सुझाव की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। 11 नई पंचायतों के गठन को लेकर संबंधित क्षेत्र के लोग मंगलवार शाम तक उपायुक्त कार्यालय में आपत्तियां और सुझाव दर्ज करवा सकते हैं।
जिला प्रशासन से नई पंचायतें बनाने का प्रस्ताव सामने आते ही कई पूर्व प्रधानों समेत संबंधित क्षेत्रों के लोग सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और अपनी लिखित आपत्तियां दर्ज करवाईं। 14 नई पंचायतें बनने से जिले में पंचायतों की संख्या 412 से बढ़कर 427 हो जाएगी। बसंतपुर विकास खंड की बसंतपुर पंचायत को विभाजित कर मंडयालू नई पंचायत बनाई जा रही है। इस पंचायत में मंडयालू, मजेलू, जांडर, कलवी, कदोग और टमरोडू गांव शामिल होंगे।
विज्ञापन
विकास खंड टुटू की धमून पंचायत के कई इलाकों से कोटीधार पंचायत बनेगी। इस नई पंचायत में शिल्ली, बघली, जदैनी और कलीमू गांव शामिल होंगे। विकास खंड ठियोग की केलवी पंचायत को विभाजित कर गडाह नई पंचायत बनाई जा रही है। इस नई पंचायत में बडेवग, बडैणा, गडाह, रोणी चदारा, जंगल नरैयटी, जंगल पदैली, जंगल झालरू कलाडी गांव शामिल होंगे। बाकी गांव केलवी पंचायत का ही हिस्सा रहेंगे। रोहड़ू विकास खंड की अढाल पंचायत से अनटापु बटाडी नई पंचायत बनेगी। इसमें अनटापु और बटाडी क्षेत्र शामिल होंगे।
खगटेडी पंचायत के कई गांवों से केवली नई पंचायत बनेगी। इस नई पंचायत में डीपीएफ केवली, रेहडी, पेखाधार, डीपीएफ बजैशल, बजैशल केवली गांव शामिल होंगे। इसी विकास खंड की तीसरी पंचायत टिक्कर का भी विभाजन किया जा रहा है। इससे दरोटी गुंजादली नई पंचायत बनेगी। इस पंचायत में दरोटी गुंजादली गांवों को शामिल किया जाएगा।
छौहारा में बनेंगी तीन नई पंचायतें छौहारा विकास खंड में तीन नई पंचायतें गठित होंगी। यहां शिलादेश पंचायत से धमवाडी नई पंचायत बनेगी। इसमें गजयानी गांव को शामिल किया जाएगा। दूसरी पंचायत गांवसारी से मकटोट हौंचली नई पंचायत बनेगी। इस नई पंचायत में मकटोट, हौंचली, हडवाणी, डीपीएफ हडवाणी, देसोरी उपगांव, शौयर उपगांव शामिल होंगे। इसी विकास खंड में कलोटी पंचायत को विभाजित कर भटवाडी-झटवाड़ी नई पंचायत बनेगी। इस नई पंचायत में झटवाड़ी, भटवाडी और डीपीएफ निरजा गांव शामिल होंगे। कुपवी विकास खंड की कुलग पंचायत से टिक्कर नई पंचायत बनेगी। इसमें टिक्कर, सामुवी गांव शामिल होंगे। विकास खंड चौपाल की पौड़िया पंचायत से लच्छोग नई पंचायत बनेगी। इसमें लच्छोग, खिलार, जंगल खिलार, जंगल दाछ, दाछी, जंगल रानश गांव शामिल होंगे।
इन चार नई पंचायतों की सुनवाई पूरी
जिला शिमला के मशोबरा विकास खंड में तीन नई पंचायतों के गठन को लेकर आपत्तियां और सुझाव देने की प्रक्रिया पहले पूरी हो चुकी है। इन पर सुनवाई भी की जा चुकी है। इनमें चमियाना पंचायत से टिपरा नई पंचायत बनाई जा रही है। इसमें मेवाग, कलाली, बराह, गरहोग, कराली, कैचमेंट एरिया, बोह, मलूठ, टिपरा गांव शामिल होंगे। बल्देयां, चैड़ी और कोलू जुब्बड़ पंचायत के कई गांवों से क्यारकोटी नई पंचायत बनेगी। इसमें घाटी, मंगूर, क्यारकोटी, कट्टली गांव शामिल होंगे। दरभोग पंचायत से शिलोन बाग नई पंचायत बनेगी। इसमें जटोल, डमैहर, नंब्रेली, विनचर, बगना कलां, बगना खुर्द, जंगल जटोल, जंगल दोयम डमैहर, जगोग, जंगल अव्वल मनून गांव शामिल होंगे। विकास खंड कोटखाई में थरोला पंचायत से टाहू, कथांडी नई पंचायत बनेगी। इसमें टाहू, उप मोहाल टाहू, शोषण, रोणी, मराधू, कथांडी गांव शामिल होंगे।