सोलन। वन विभाग की कोशिशों के बावजूद जिला में जंगल सुलग रहे हैं। शहर के आसपास ही इन दिनों जंगलों में भीषण आग लगी है। इसमें वन संपदा व जीवों को भारी हानि पहुंच रही हैं। वन विभाग सोलन मंडल के तहत आग की घटनाओं को रोकने के लिए 130 लोगों की टीम तैनात कर रखी है। इसके बावजूद आग पर काबू नहीं पाया जा पा रहा है। मंगलवार तक विभाग के पास पहुंची रिपोर्ट में मुताबिक सोलन मंडल के तहत 130 हेक्टेयर जंगल आग से प्रभावित हो चुके हैं। अब तक 18 आगजनी के मामले विभाग के सामने आ चुके हैं, लेकिन अभी तक इन मामलों में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। विभाग ने दावा किया है कि अभी तक आग की घटनाओं में वन विभाग को बड़ी क्षति नहीं पहुंची हैं, लेकिन घटनाओं में वन्य जीवों की कितनी हानि हुई इसका कोई आंकड़ा फिलहाल विभाग के पास नहीं है। विभाग ने 65 वन रक्षकों को वनों को आग से बचाने की जिम्मेदारी दे रखी है। जबकि इतने ही फायर वाचर दिहाड़ी पर तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद आग की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं। वन विभाग की मानें तो लोग घास के लिए वनों को आग के हवाले कर रहे हैं।
वन विभाग का सहयोग करें लोग : डीएफओ
वनमंडल अधिकारी अशोक चौहान का कहना है कि आगजनी की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष टीमें गठित की गई है। यह टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं। अब तक 18 मामले आगजनी के सामने आ चुके हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से भी आह्वान किया है कि वे जंगल में आग लगाने वालों की सूचना तत्काल वन विभाग को दें।