अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जिला मुख्यालय नाहन में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा पुलिस विभाग को 20 लाख रुपये की राशि जारी की गई है। रोड सेफ्टी क्लब के प्रवक्ता मनीष जैन ने बताया कि शहर में बढ़ रही चोरियों के मद्देनजर एवं शहरवासियों को सुरक्षा प्रदान करने के दृष्टिगत रोड सेफ्टी क्लब की ओर से क्लब प्रधान अमर जीत सिंह परमार ने जिला प्रशासन के समक्ष शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी थी। इसके चलते उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए पुलिस विभाग को 20 लाख रुपये की राशि जारी कर दी है। उन्होंने इसके लिए क्लब की तरफ से डीसी का आभार जताया है।
मनीष जैन ने बताया कि इस 20 लाख रुपये की राशि से शहर के व्यस्त चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों, भीड़भाड़ वाली जगहों, महत्वपूर्ण चौराहों, स्थलों एवं केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के बाद शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग पाएगा। असामाजिक तत्व भी पुलिस की नजर में रहेंगे।
शहरवासी विशेषकर महिलाएं एवं बच्चों को सुरक्षा प्रदान होगी। सीसीटीवी कैमरों से शहर के उन बिगडै़ल युवकों पर भी नकेल कसी जाएगी जो कि शहर की गलियों एवं सड़कों पर अंधाधुंध दोपहिया वाहन चलाते हैं तथा लड़कियों के साथ छेड़ख़ानी करते हैं। प्रवक्ता मनीष जैन ने पुलिस प्रशासन से अपील की कि शहर में सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता के मद्देनजर इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं।
--शहर के चप्पे-चप्पे पर शरारती तत्वों पर रहेगी पुलिस की नजर
--धनराशि जारी करने पर रोड सेफ्टी क्लब ने जताया आभार
----------------