अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम शिमला के नाभा वार्ड में रविवार को पब्लिक की अदालत कार्यक्रम को भाजपा के समर्थित प्रत्याशी और समर्थक बीच में ही छोड़कर चले गए। यह देख मौके पर मौजूद आम जनता हैरान थी। उम्मीद थी कि भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक कांग्रेसी पार्षद शशि शेखर चिन्नू को अपने सवालों से तो घेरेंगे ही, साथ ही आम जनता से जुड़े बड़े मुद्दों पर भी पार्षद को जवाब तलब करेंगे। मगर ऐसा हुआ नहीं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा समर्थकों के पास कांग्रेस के पार्षद से पूछने के लिए सवाल कम पड़ गए। फिर जब भाजपा की ओर से सिर्फ औपचारिकता के लिए पार्षद शशि शेखर चीनू से सवाल किए गए तो पार्षद ने भी तथ्यों के साथ उनका जवाब देना शुरू किया। अभी दो तीन सवालों के जवाब ही मिले थे कि भाजपा प्रत्याशी और उनके समर्थक मौके से जाने लगे। मौके पर मौजूद लोगों और कांग्रेसी उम्मीदवारों ने चुटकी ली और कहा कि इनके पास ऐसा कोई मुद्दा ही नहीं जिनपर ये पार्षद से जवाब मांग सके। उधर, भाजपा समर्थकों ने कार्यक्रम को बीच में छोड़कर जाने पर कहा कि उन्हें प्रचार के लिए कई जगह जाना है। वहीं, कांग्रेस पार्षद शशि शेखर चीनू ने कहा कि कार्यक्रम को बीच में छोड़कर जाने से स्पष्ट है कि भाजपा भी मानती है कि वार्ड में रिकार्ड विकास कार्य हुए हैं। आरोप लगाने के लिए उनके पास कुछ भी नहीं है।
---
इस बार पूरी तैयारी के साथ दिखे तीनों वार्ड के पार्षद
शिमला। पब्लिक की अदालत कार्यक्रम के दौरान शनिवार को खलीणी और कनलोग के पार्षद गायब रहे थे। मगर रविवार को टूटीकंडी, फागली और नाभा वार्ड के पार्षद पूरी तैयारी के साथ दिखे। तीनों ने ही जनता के सवालों का खुलकर जवाब दिया।