पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश के पांवटा में गाड़ियों की पासिंग करवाने के लिए दलाल सक्रिय हो गए हैं जो ट्रांस्पोर्टरों की गाढ़ी कमाई चूस रहे हैं। इनमें से कुछ तो ढाई से तीन हजार तक राशि लेकर वाहनों की पासिंग करवाने देने का दम भरते हैं लेकिन कुछ मामलों में राशि लेकर भी कार्य नहीं कर रहे हैं जिससे ट्रांस्पोर्टर खुद को ठगा सा महसूस करते हैं।
पांवटा निवासी एक ट्रांस्पोर्टर महेंद्र सिंह व मक्खन सिंह का कहना है कि कुछ ट्रांस्पोर्टर शीघ्र कार्य व औपचारिकताओं से बचने के लिए इनके चक्कर में आ रहे है। यह दलाल ढाई से तीन हजार तक राशि ऐंठ रहे हैं। राशि नहीं देने तक वाहन की पासिंग नहीं होने देने तक की बात कही जा रही है। कुछ मामले ऐसे भी आ रहे हैं जिनमें पैसे देकर कार्य ही नहीं किया जाता। धीरे-धीरे पांवटा क्षेत्र में भी इस तरह के दलाल पनप रहे हैं। शीघ्र इन दलालों से पीड़ित ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से एक लिखित शिकायत एसडीएम पांवटा को भेजी जा रही है।
बाक्स...
ऐसे लोगों से संपर्क की जरूरत ही नहीं : आरटीओ
पांवटा (सिरमौर)। आरटीओ पांवटा सुनील शर्मा ने कहा कि पासिंग व लाइसेंस बनवाने के लिए इस तरह के लोगों के चक्कर में पड़ कर अपनी राशि न गवाएं। ज्यादा ही जरूरत पड़ने पर किसी ऑथोराइज्ड एजेंट से संपर्क किया जा सकता है। विभाग टेस्ट कंडक्ट कर ही ऐसे एजेंटों को अनुमति प्रदान करता है। इसलिए ट्रांस्पोर्टर अपनी भारी भरकम राशि को बेवजह अवैध रूप से दलालों के पास लुटाने से बचें। विभाग वाहनों के पासिंग की प्रक्रिया वीडियोग्राफी से करवाएगा जिससे अवैध रुपये से वाहन पासिंग के नाम पर कोई राशि वसूलने वाले ऐसे दलालों से बचा जा सकेगा।
-------
लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई होगी : एसडीएम
पांवटा साहिब (सिरमौर)। एसडीएम पांवटा एचएस राणा ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सभी औपचारिकताओं को पूरा करने पर संबंधित विभाग में वाहन पासिंग प्रक्रिया होती है। यदि इस तरह से अवैध रुप से क्षेत्र में दलाल सक्रिय हो रहे हैं तो नजर रखी जाएगी।
--पांवटा में सक्रिय हो रहे दलाल, चूस रहे ट्रांस्पोर्टरों की गाढ़ी कमाई
आफिसों में भीतर तक पकड़ बना कर पैसा लेकर भी कार्य नहीं
वाहनों की पासिंग करवा देने का झांसा देकर ऐंठ रहे हजारों की राशि