सिर पर डंडे से वारकर दुकानदार की हत्या
सोलन। पुलिस चौकी सपरून के तहत पंचायत तोप की बेड़ में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक गांव में दुकान करता था। पुलिस को शंका है कि यहां शराब के नशे में उसकी किसी के साथ बहस हो गई और आरोपी ने सिर पर डंडे से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान मदन लाल निवासी तोप की बेड़ के रूप में हुई है। शुक्रवार सुबह उसकी दुकान से ही शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया है। शुरुआती जांच में मौत का कारण सिर पर चोट लगना बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक दुकानदार पर इससे पहले भी अवैध रूप से शराब बेचने को लेकर दो तीन मामले दर्ज हैं। एसपी सोलन मोहित चावला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल का दौरा कर साक्ष्य जुटाए। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दुकानदार काफी नशे में था। वह रोजाना की तरह घर से खाना खाकर अपनी दुकान में सोने गया था। लेकिन सुबह दुकान से उसका शव बरामद हुआ। पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी की तलाश जारी है जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।