नदी पार करते हुए 14 साल का बालक पानी के तेज बहाव में बह गया। इसका शव करीब एक किलोमीटर दूरी से बरामद हुआ। मामला ऊना का है। यहां उपमंडल के अंदौरा के समीप स्वां नदी में पानी के तेज बहाव में बह जाने के कारण 14 वर्षीय बालक की मौत हो गई।
बालक अपने चचेरे भाई के साथ सोमवार को स्वां किनारे गया था और स्वां पार करने के प्रयास में बरसात के कारण नदी के तेज बहाव में बह गया। उसका शव मंगलवार सुबह घटना स्थल से करीब एक किलोमीटर दूरी से बरामद हुआ।
जानकारी के मुताबिक अभिषेक (14) पुत्र महेंद्रपाल निवासी अपर अंदौरा अपने चचेरे भाई दस वर्षीय सूर्यवंश के साथ सोमवार देर दोपहर साइकिल में पंक्चर लगवाने के लिए अंब आया हुआ था, जहां पर कथित रूप से उन्होंने एक आटा चक्की पर कोई शरारत की। इस पर चक्की मालिक ने उनके घर पर इसकी शिकायत करने की बात कही।
इससे युवक घर जाने के बजाय स्वां किनारे चले गए, जहां सूर्यवंश तो स्वां किनारे बैठा रहा, लेकिन अभिषेक ने पानी के तेज बहाव को पार करने का प्रयास किया और पानी के तेज थपेड़े उसे बहा ले गए। इसकी सूचना बाद में उसके परिजनों को दी गई। इसके बाद उसे ढूंढने का सिलसिला शुरू हुआ।
मंगलवार सुबह शव करीब एक किलोमीटर दूरी पर बरामद हो गया। अंब के अतिरिक्त थाना प्रभारी सुभाष पटियाल ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।