चार दिन में मिलेगी येलो लाइन पार्किंग की सुविधा
नगर निगम ने दिए येलो लाइन लगाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। पार्किंग की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। अगले चार दिन के भीतर लोगों को येलो लाइन में वाहन पार्क करने की सुविधा मिल जाएगी। यही नहीं, अगले कुछ दिन के लिए यह सुविधा फ्री मिलेगी।
जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ चर्चा करने के बाद नगर निगम इसी हफ्ते शहर में येलो लाइन पार्किंग की सुविधा देने जा रहा है। ऐसे में लोगों को अब गाड़ी का चालान कटने का डर नहीं सताएगा। निगम प्रशासन का कहना है कि येलो लाइन पार्किंग का प्रस्ताव पहले से ही तैयार था लेकिन टारिंग के बाद इसकी सुविधा देने की योजना थी। अब जिला प्रशासन से मिले ताजा निर्देशों के बाद इसी हफ्ते से येलो लाइन लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को अभी हाथ से ही येलो लाइन लगाने को कहा गया है। टारिंग खत्म होने के बाद मशीन के जरिये पक्की लाइन लगाई जाएगी। नगर निगम आयुक्त रोहित जम्वाल ने बताया कि येलो लाइन लगाने के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
अभी फ्री, बाद में वसूली जाएगी फीस
अगले दस से 15 दिन के लिए येलो लाइन में गाड़ी पार्क करने पर फीस नहीं लगेगी लेकिन इसके बाद फीस वसूली जाएगी। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि हाईकोर्ट के दिशा निर्देशानुसार शहर में सड़क किनारे की कोई भी पार्किंग फ्री नहीं होगी। येलो लाइन पार्किंग चलाने के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। इसके बाद ठेकेदार ही यह पार्किंग चलाएगा। नगर निगम की ओर से तय दरों के आधार पर पार्किंग फीस वसूली जाएगी। नगर निगम अगले 15 दिन के भीतर टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का दावा कर रहा है।
एक हजार से अधिक वाहनों को पार्किंग सुविधा
नगर निगम रिकॉर्ड के मुताबिक शहर में करीब 1070 वाहनों के लिए येलो लाइन पार्किंग की सुविधा दी जा सकती है। सर्कुलर रोड पर बैमलोई, टिंबर हाउस, हिमलैंड, लक्कड़ बाजार, न्यू शिमला समेत विभिन्न वार्डों में सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने की सुविधा है। वर्तमान में येलो लाइन न होने से यहां गाड़ी खड़ी करने पर चालान कट रहा है।