फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधे शहर को अब चौथे दिन पानी

विज्ञापन
विज्ञापन
आधे शहर को चौथे दिन पानी, उसका भी शेड्यूल तय नहीं
विज्ञापन

सेंट्रल जोन, चौड़ा मैदान और संजौली को छोड़ बाकी शहर में सप्लाई बाधित
अभी तक नहीं की राशनिंग की घोषणा
शहरवासियों को हो रही भारी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में पेयजल संकट और गहरा गया है। आधे शहर को अब तीसरे दिन भी पानी नहीं मिलेगा। सेंट्रल जोन, चौड़ा मैदान और संजौली को छोड़कर पूरे शहर में चौथे दिन पानी की सप्लाई की जाएगी, जिसका भी शेड्यूल तय नहीं किया गया है।
नगर निगम ने शहरवासियों को तीसरे दिन भी पानी देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद शहर के लिए पानी की सप्लाई 30 एमएलडी से ऊपर नहीं जा रही है। बुधवार को शहर के लिए 30.07 एमएलडी पानी मिला। यह सामान्य से 15 एमएलडी कम रहा। उधर, वार्डों में पानी के लिए हाहाकार मचने लगा है। उप महापौर के पंथाघाटी वार्ड समेत कसुम्पटी, परिमहल, मैहली, विकासनगर, न्यू शिमला, कगनाधार, खलीणी, कनलोग, छोटा शिमला, टूटीकंडी, कच्चीघाटी, बालूगंज, चक्कर, टुटू, मज्याठ, समरहिल आदि वार्डों में अब चौथे दिन पानी दिया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी यहां चौथे दिन ही सप्लाई दी जाएगी।
विज्ञापन


किसी को आधी रात तो किसी को तड़के सप्लाई
नगर निगम चौथे दिन भी इन इलाकों में कब पानी देगा, इसका समय तय नहीं किया गया है। मज्याठ, टुटू, पंथाघाटी, समरहिल आदि इलाकों में बुधवार यानी चौथे दिन लोग पानी का इंतजार करते रहे। लेकिन देर शाम तक पानी नहीं आया। कई इलाकों में आधी रात को पानी मिल रहा है तो किसी को तड़के सुबह। परेशान लोग पार्षदों से शिकायत कर रहे हैं। वहीं, कई पार्षद ऐसे हैं जिनके पास फोन उठाने तक का समय नहीं। मजबूरन महापौर कार्यालय में फोन घुमाने पड़ रहे हैं।

आज इन इलाकों में आएगा पानी
नगर निगम वीरवार को संजौली बाजार, इंजनघर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, नवबहार, बाथवेल, चलौंठी, सेंट्रल जोन के तहत आने वाले लोअर बाजार, बस स्टैंड, सब्जी मंडी, कृष्णानगर, रामबाजार आदि इलाकों में पानी की सप्लाई देगा। इन इलाकों में तीसरे दिन पानी दिया जा रहा है। वहीं, न्यू शिमला सेक्टर एक से लेकर चार, कसुम्पटी, परिमहल, मैहली, ऐराहोम आदि इलाकों में वीरवार चौथे दिन पानी दिया जाएगा।

नगर निगम नहीं मानता, शहर में है जल संकट
नगर निगम जनता के जले पर नमक छिड़क रहा है। शहरवासियों को भले ही चौथे दिन पानी नसीब हो रहा हो, लेकिन भाजपा शासित नगर निगम इसे जल संकट नहीं मानता। कई इलाकों में पानी की सप्लाई चौथे और पांचवें दिन आ रही है, लेकिन बावजूद इसके नगर निगम ने अभी आधिकारिक तौर पर पानी की राशनिंग नहीं की है। लोग पानी की शिकायतें लेकर रोज महापौर कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन प्रशासन के पास इतना भी वक्त नहीं कि पानी की सप्लाई देने का शेड्यूल तय किया जाए। गर्मियों के मौसम में हर बार पेयजल किल्लत होने पर निगम बाकायदा राशनिंग कर पानी का शेड्यूल जारी करता है। इसमें हर इलाके में पानी देने का समय निर्धारित किया जाता है लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं किया गया है। लोग परेशान हैं। निगम कभी तीसरे तो कभी चौथे दिन पानी दे रहा है।
विज्ञापन

क्या कहती हैं महापौर
पेयजल स्रोतों में पानी घट गया है। ऐसे में नगर निगम नियमित सप्लाई नहीं दे पा रहा है। अधिकारियों को जल्द पानी का शेड्यूल तैयार करने को कहा जा रहा है। लोग खुद भी पानी का सदुपयोग करें।
कुसुम सदरेट, महापौर नगर निगम शिमला
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें