रामपुर बुशहर। रामपुर स्थित पंचायत समिति भवन में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्कूलों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता सीपीएस स्वास्थ्य नंद लाल ने की। इसमें रामपुर विकास खंड के तहत सबसे स्वच्छ स्कूलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने पुरस्कृत स्कूलों को बधाई दी और आगे भी इसी प्रकार से कार्य करने का आह्वान किया।
रामपुर में वीरवार को आयोजित कार्यक्रम में विकास खंड के छह-छह प्राथमिक, माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालों को सम्मानित किया गया। ये पुरस्कार वर्ष 2015-16 और वर्ष 2016-17 में स्वच्छ स्कूल प्रतियोगिता में खंड स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्कूलों को दिए गए।
विकास खंड अधिकारी प्रताप चौहान ने बताया कि विकास खंड रामपुर के तहत आने वाले दो स्कूलों को जिला स्तर के लिए चयनित किया गया है। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धारगौरा और राजकीय प्राथमिक पाठशाला गानवी शामिल हैं। इन दोनों स्कूलों को 50-50 पचास हजार रुपये की राशि देकर सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार 15 अगस्त को शिमला में होने वाले स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान दिए जाएंगे।
खंड स्तर पर स्वच्छता के क्षेत्र में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले स्कूलों में राजकीय वरिष्ठ राजकीय प्राथमिक पाठशाला बधाल, राजकीय माध्यमिक पाठशाला रंगोरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर, राजकीय प्राथमिक पाठशाला शिंगला, राजकीय माध्यमिक पाठशाला कोटी कापटी और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाल डंसा शामिल है। वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले स्कूलों में राजकीय प्राथमिक पाठशाला मंगूणी (किन्नू), राजकीय माध्यमिक पाठशाला सुरू, राजकीय उच्च विद्यालय रिचोली, राजकीय प्राथमिक पाठशाला नीरथ, राजकीय माध्यमिक पाठशाला जगूणी और राजकीय उच्च पाठशाला शाहधार शामिल हैं। सीपीएस नंद लाल ने प्रथम स्थान पाने वाले स्कूलों को 20-20 हजार रुपये और द्वितीय स्थान पाने वाले स्कूलों को 10-10 हजार रुपये के चेक देकर सम्मानित किया।