ऊपरी धार पंचायत की निहार गंगोटी गांव में भूस्खलन का मलबा रिहायशी मकान और गोशाला के ऊपर जा गिरा। ग्रामीणों की मदद से वहां रह रहे तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। गोशाला में बंधी दो गायों की मलबे में दबकर मौत हो गई है। ऊपरी धार पंचायत के प्रधान खेम सिंह ने बताया कि कला देवी पत्नी स्वर्गीय रोशन लाल अपने बहू और पोते के साथ घर में रह रही थी।
शुक्रवार रात दो बजे जमीन धंसने के आभास से घबराई बाहर निकलने लगी इतने में ही मलबा आ गया। ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। कला देवी लोनिवि में बेलदार है। उनकी जीवन भर की जमा पूंजी आपदा ने निगल ली है। मौके पर नायब तहसीलदार प्रवीण कुमार ने 10 हजार की फौरी राहत दे दी है। उनके रहने का भी इंतजाम किया है।
पानी की निकासी न होने से खेत हो रहे बरबाद
धर्मपुर/गोहर/बालीचौकी (मंडी)। भारी बरसात में बरोटी-कमलाह सड़क का निर्माण आफत बन गया है। पानी की उचित निकासी न होने के कारण सड़क का पानी लोगों की जमीन को नुकसान पहुंचा रहा है। इससे तड़ा, सीरम, थपलेहड़ा, रखेड़ा, सपड़ी, कुसरी और रौह में लोगों की जमीन को काफी नुकसान पहुंचा है।
लोगों में बालम राम, प्रेम सुख, प्रवीण, संजय, जयवंती, शनिचरी देवी, रमेश चंद, फागणू राम, दूनी चंद, हंस राज, सोहन लाल, टेक चंद, सुमना देवी, डॉ. राजेंद्र कुमार, प्रेमलता, सत्या शर्मा, हिमा देवी, स्वामी राम, अमर सिंह, फुनिया राम ने समस्या के समाधान की मांग की है। वहीं कार्यकारी अधिशासी अभियंता जयपाल नायक ने कहा कि समस्या का समाधान किया जाएगा। दूसरी तरफ बालीचौकी और गोहर में भारी बारिश के कारण सेब के बागीचों और खेतों को काफी नुकसान पहुंचा है।