दस करोड़ से तीन खड्डों पर बनेंगे पुल, 45 की आबादी होगी लाभान्वित
सलंदरी, रोहला और घराट खड्डों पर पुल बनाने के लिए केंद्रीय राहत कोष से राशि स्वीकृत
30 पंचायतों के लोगों को खड्डों को पार करके नहीं करनी होगी आवाजाही
सुभाष कुमार अग्निहोत्री
चंबा। जिले की तीन खड्डों पर जल्द ही पुलों का निर्माण किया जाएगा। इससे सलूणी और चुराह क्षेत्र की करीब 45 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा। अभी तक सलूणी क्षेत्र की 30 पंचायतों को साल भर खड्डों से होकर आवाजाही करनी पड़ती है जबकि बरसात के मौसम में कई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर चंबा पहुंचने के लिए करना पड़ता है। केंद्रीय राहत कोष से यह इसके लिए दस करोड़ की राशि मंजूर हो गई है।
योजना के तहत विकास खंड सलूणी और चुराह के अधीन आने वाली सलंदरी, रोहला और घराट खड्डों पर पुलों का निर्माण होगा। केंद्रीय राहत कोष के तहत पुलों का निर्माण करवाने के लिए दस करोड़ की राशि स्वीकृत हुई है। पुलों का निर्माण होने से विकास खंड सलूणी, चुराह के अधीन आने वाली 30 पंचायतों की करीब 45 हजार की आबादी को लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि विकास खंड सलूणी और चुराह के ग्रामीणों को लंगेरा-सुंड़ला-बाथरी होकर बनीखेत, पठानकोट, डलहौजी, कांगड़ा, धर्मशाला की तरफ आवाजाही करनी पड़ती है। ऐसे में इस मार्ग से होकर गुजरने वाले लोगों को सलंदरी, रोहला और घराट खड्ड़ों को पार करना पड़ता है। वहीं, बरसात और मूसलाधार बारिश के दौरान इन खड्ड़ों में जलस्तर बढ़ जाता है। नतीजतन, लोगों को वाया चंबा होकर ही आगे का सफर तय करना पड़ता था। वहीं, खड्डों में जलस्तर के बढ़ने से स्थानीय पंचायतों के लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। ऐसे में लोनिवि मंडल सलूणी ने उक्त खड्डों पर पुलों का निर्माण करवाने के बारे में अपने स्तर पर प्राक्कलन तैयार करवाए गए। सलंदरा, रोहला और घराट खड्ड़ों पर बनाए जाने वाले पुलों के प्राक्कलन बनाकर विभाग ने आलाधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेजे गए थे। इसे अब सीआरएफ के तहत स्वीकृति मिल गई है। पुलों का निर्माण करवाने के लिए दस करोड़ की राशि भी स्वीकृत की गई है।
इनसेट
ग्रामीण योगराज, प्रताप चंद, हंसराज, केसर सिंह, निधिया राम, प्रताप चंद, अंबिया राम, होशियारा राम, प्रमोद कुमार, कन्हैया राम, अमृत पाल सिंह, जगजीवन, उमर सिंह, याकूब और लतीफ मोहम्मद ने बताया कि सलंदरा, रोहला और घराट खड्डों से बरसात और बारिश के दिनों में गुजरना जान को जोखिम में डालने से कम नहीं रहता। कहा कि उक्त खड्डों पर पुलों का निर्माण हो जाने से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
पुलों का जल्द निर्माण करने के लिए उठाए जाएंगे कदम : अरुण पठानिया
लोनिवि मंडल सलूणी के अधिशासी अभियंता अरुण पठानिया ने बताया कि केंद्रीय राहत कोष के तहत सलंदरा, रोहला और घराट खड्डों पर पुलों का निर्माण करवाया जाएगा। इसके लिए बाकायदा दस करोड़ की राशि स्वीकृत हो गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उक्त खड्डों पर पुलों का निर्माण करवाने के बारे में कदम उठाए जाएंगें।