राजधानी शिमला के आइस स्केटिंग रिंक में शनिवार को सीजन का दूसरा सेशन हुआ। रिंक में आइस जमने की सूचना मिलते ही सुबह स्केटर रिंक में पहुंचे और करीब दो घंटे तक जमकर स्केटिंग का मजा लिया। रिंक का करीब चालीस फीसदी हिस्सा ही जम पाया है, लेकिन स्केटिंग का इंतजार कर रहे स्केटरों के लिए यह क्रिसमस के त्योहार में किसी तोहफे से कम नहीं है। आने वाले दिनों में यदि मौसम का साथ रहा और रात को मौसम साफ रहा तो कम से कम स्केटिंग के इसी तरह के सेशन आगे भी जारी रह सकते हैं। सुबह सवा आठ बजे से लेकर दस बजे तक क्लब के सदस्य और चार से पांच स्केटर रिंक में पहुंचे। उन्होंने दो घंटे तक जमकर स्केटिंग का मजा लिया। स्केटरों ने जमकर मस्ती की और मोबाइल में इन पलों को कैद किया। शिमला आइस स्केटिंग क्लब के सचिव भुवनेश बांगा और कार्यकारिणी सदस्य राजन भारद्वाज का कहना है कि रिंक में बर्फ जमने का नन्हे स्केटर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्लब के पदाधिकारियों को रोजाना कॉल कर स्केटर रिंक में जमी बर्फ की अपडेट लेते हैं। इससे जाहिर होता है कि स्केटिंग करने के लिए वे कितने उत्साहित हैं। राजन का कहना है कि रात को भी क्लब के रिंक केयर टेकर मैदान में सिंचाई कर आइस जमाने के बराबर प्रयास करेंगे। मौसम अनुकूल रहा तो रविवार को भी स्केटिंग का सत्र होगा।
..
अब लाल गुब्बारा नहीं, व्हाट्सएप पर दी जा रही स्केटिंग की जानकारी
शिमला आइस स्केटिंग क्लब ने अपने सदस्यों की सुविधा और रिंक में बर्फ जमने, सुबह के सेशन होने की सूचना से अपडेट करने के लिए आधुनिक सूचना के तौर तरीकों का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। इसके लिए क्लब ने अलग से एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। इस पर हर रोज की अपडेट दी जा रही है। पहले क्लब स्केटिंग शुरू होने पर टाउन हॉल की छत पर लाल गुब्बारा लहराकर सूचना देता था। इसे देखकर ही स्केटर सुबह और शाम स्केटिंग करने पहुंचते थे।