अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। सेमेस्टर परीक्षाओं के बाद शनिवार से शहर के कॉलेजों में रौनक लौट जाएगी। इसके साथ ही कॉलेजों में यूजी डिग्री कोर्स में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कॉलेजों ने प्रवेश संबंधित जानकारी कॉलेजों की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाने की इस बार से सुविधा शुरू की है।
राजधानी के सेंटर आफ एक्सीलेंस संजौली कॉलेज प्राचार्य प्रो. दीक्षा मल्होत्रा ने बताया कि शनिवार से कॉलेज काउंटर पर यूजी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश को प्रोस्पेक्टस उपलब्ध हो जाएंगे। कॉलेज में साइंस मेडिकल और नॉन मेडिकल के लिए 120-120 जबकि आर्ट्स में करीब 600 और कामर्स में 80 सीटें जमा दो की मेरिट आधार पर प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन के लिए 55 फीसदी प्राप्तांक की शर्त लागू रहेगी। वहीं बी वॉक में नए दो ट्रेड रिटेल और टूरिज्म एंड हॉस्पिटेलिटी की 40-40 सीटों के लिए भी प्रवेश की प्रक्रिया शनिवार से ही शुरू हो जाएगी। कॉलेज के बीसीए सेल्फ फाइनेंसिंग कोर्स के लिए अलग से प्रोस्पेक्टस तैयार किया गया है।
कोटशेरा कॉलेज प्राचार्य डा. इंद्रजीत सिंह ने कहा कि कॉलेज में सोमवार तक प्रोस्पेक्टस मिलना शुरू हो जाएंगे। कॉलेज की वेबसाइट पर भी प्रवेश से संबंधित जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। यह पहला मौका है जब छात्रों को जानकारी ऑनलाइन भी मिलेगी। आरकेएमवी में भी शनिवार से ही प्रोस्पेक्टस बिक्री के साथ प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कॉलेज प्राचार्य डॉ. नम्रता टिक्कु ने बताया कि शेड्यूल के मुताबिक 23 जून तक आवेदन की प्रक्रिया जारी रहेगी। 24 को मेरिट जारी होगी और अगले दो दिनों में काउंसलिंग होगी। तीस जून से पहले प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।