शिमला। उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री के व्यक्तिगत हस्तक्षेप के बाद सोलन और बिलासपुर जेपी ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने आठ दिनों से जारी अपनी भूख हड़ताल वापस ले ली। जिला सोलन और बिलासपुर की जेपी ट्रक ऑपरेटर समन्वय समिति लगभग 27 करोड़ रुपये के ढुलाई शुल्क का भुगतान नहीं होने के कारण हड़ताल पर थी।
अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे प्रेम ठाकुर, दौलत सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त कैप्टन भगत सिंह ठाकुर और कुलदीप सिंह ठाकुर को जूस पिलाने के बाद ट्रक ऑपरेटरों को संबोधित करते हुए अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य में मधुर औद्योगिक संबंध कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के प्रयासों के फलस्वरूप राज्य में अनुकूल औद्योगिक परिवेश स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के उत्पन्न होने का कारण जेपी सीमेंट्स की ओर से इस इकाई को बंद करना रहा, जिसे अब अल्ट्रैक सीमेंट्स खरीदने जा रहा है।
उद्योग मंत्री ने समन्वय समिति के सदस्यों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर उनकी पूरी अदायगी की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि ऑपरेटरों का भुगतान नहीं होने जाने तक ट्रकों के वित्तदाता उनके ट्रकों को जब्त नहीं करेंगे। 20 सूत्रीय कार्यक्त्रस्म कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष रामलाल ठाकुर ने इस मामले के सकारात्मक समाधान के लिए अग्निहोत्री का आभार व्यक्त किया। अतिरिक्त मुख्य सचिव एजेवी प्रसाद, उद्योग विभाग के निदेशक राजेश शर्मा, उपायुक्त ऋ ग्वेद ठाकुर और पुलिस अधीक्षक राहुल बोध भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
--