अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। लोकल रूटों पर आपको आज से एचआरटीसी की लोकल बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ेगा। निजी स्कूलों में नया सत्र शुरू होने से एचआरटीसी की करीब 60 बसें स्कूल टाइम पर चलेंगी। सुबह 7 से 10 और शाम 2 से 5 बजे के बीच बसें स्कूली बच्चाें को लाने और ले जाने का काम करेंगी।
एचआरटीसी की लोकल बसें स्कूल टाइम पर चलने के कारण अन्य बसों में ओवरलोडिंग बढ़ सकती है। राजधानी में आवाजाही के लिए लोगों की पहली पसंद एचआरटीसी बसें ही हैं। निगम के रियायती कार्ड धारक एचआरटीसी बसों में आवाजाही को तवज्जो देते हैं। इतना ही नहीं शहर में प्राइवेट बसों के आपसी कंपीटीशन के चलते सवारियों को पेश आने वाली दिक्कतों के चलते निगम की बसें लोगों की पहली पसंद हैं। मंगलवार से निगम की बसें स्कूल टाइम पर चलेंगी। ऐसे में लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो सकती है।
इन रूटों पर हो सकती हैं ज्यादा दिक्कतें
राजधानी के उपनगर न्यू शिमला और टूटीकंडी बाईपास रोड पर परिवहन व्यवस्था का पूरा जिम्मा एचआरटीसी पर है। स्कूल बसें चलने के बाद यहां बसों की किल्लत पेश आ सकती है। चक्कर स्थित न्यायिक परिसर के लिए भी यात्रियों को बसों की कमी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि एचआरटीसी प्रबंधन का दावा है कि स्कूलों बसों का संचालन शुरू होने के बावजूद पब्लिक को दिक्कत पेश नहीं आने दी जाएगी।
सीबीएसई परीक्षाएं, अतिरिक्त बसें चलाएगा प्रशासन
सीबीएसई परीक्षाओं के चलते एचआरटीसी आज सुबह 8:30 बजे शहर के विभिन्न रूटों पर अतिरिक्त बस सेवा की व्यवस्था करेगा। हालांकि यह बसें सिर्फ परीक्षार्थियाें के लिए नहीं होंगी। आम लोग भी इन बसों में सफर कर सकेंगे। संजौली, विक्ट्री टनल और बालूगंज होते हुए अतिरिक्त बसें चलेंगी।