शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विभिन्न स्कूलों में नियुक्त 114 प्रवक्ताओं और 437 टीजीटी को पदोन्नत कर दिया है। प्रवक्ताओं को पदोन्नत कर मुख्य अध्यापक और टीजीटी को पदोन्नत कर पीजीटी बनाया गया है।
उच्च शिक्षा निदेशालय ने प्रवक्ताओं को पदोन्नति देने के साथ ही इनका तबादला भी कर दिया है। उधर, राजकीय अध्यापक संघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान और प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ के अध्यक्ष अजय शर्मा और कार्यकारी अध्यक्ष मनोज पाल सिंह परिहार ने पदोन्न्तियां करने पर सरकार का आभार जताया है।
मनोज पाल सिंह परिहार ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रधानाचार्यों की पदोन्नति सूची जारी होने से उत्पन्न हुई रिक्तियों को भी जल्द पदोन्नति सूची से भरा जाए। उधर, सरकार ने गैर शिक्षकों के 1103 नए पद सृजित करने के आदेश भी दिए हैं।
सरकार ने नए अपग्रेड किए गए स्कूलों में वरिष्ठ सहायकों के 520, क्लर्क के 63 और पियून के 520 पद सृजित करने का फैसला लिया है।