45 लाख रुपये से बनेगा केल्टी में पटवारखाना
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कसुम्पटी विधानसभा की बरमु केल्टी पंचायत में पंचायत भवन का शिलान्यास किया।
उन्होंने बताया कि भवन के निर्माण पर 1.14 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मंत्री ने अप्पर केल्टी क्षेत्र में पांच लाख लीटर की क्षमता के स्टोरेज टैंक निर्मित करने और टीला मोड़ से लोअर मटेनी सड़क को पक्का करने करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि रिवर बेड के अलावा क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण कार्य भी करवाया जाएगा। कहा कि एचआरटीसी की टैक्सी केल्टी से रिगल तक शुरू करने की मांग पर सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। केल्टी बरमु के लिए निजी बस रूट की सुविधा शुरू होगी। उन्होंने विभाग को खतरनाक मोड़ों का विस्तारीकरण करने, क्रैश बैरियर लगाने और एसटीपी प्लांट बरमु के रेटरोफिटिंग कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। बताया कि पंचायत में 15 हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि केल्टी पटरवार खाना 45 लाख रुपये की लागत से बनेगा।
नए पंचायत भवन एक जैसे दिखेंगे : अनिरुद्ध
मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि पहले पंचायत भवन निर्माण के लिए 33 लाख रुपये की राशि का प्रावधान था लेकिन अब इस राशि को बढ़ाकर 1.14 करोड़ रुपये कर दिया है। प्रदेश भर में एक ही तरह के बन रहे 45 नए पंचायत भवनों में यूवी विंडो का इस्तेमाल किया जा रहा है। इन भवनों की ड्राइंग से लेकर भवन शैली तक एक रूपता अपनाई जा रही है।