फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मल्याणा के पास एनएच धंसा, सड़क बंद, अब विकासनगर से चलेंगे वाहन

Sat, 11 Aug 2018 11:09 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन

मल्याणा के पास नेशनल हाइवे-22 का डंगा धंसने से यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। सड़क बंद होने से जिले के करोड़ों रुपये के सेब और सब्जियों को भी शिमला से बाहर ले जाने पर संकट खड़ा हो गया है। उधर, एनएचएआई ने सड़क बहाल करने के लिए कम से कम तीन दिन का समय मांगा है। काम शुरू करने के लिए सड़क को शुक्रवार शाम से ही यातायात के लिए बंद कर दिया है। प्रशासन को शहर के ट्रैफिक प्लान में भी बदलाव करना पड़ा है।

विज्ञापन


पुलिस के अनुसार मल्याणा बाजार से करीब दो सौ मीटर दूर शनि मंदिर के पास हाइवे का डंगा बारिश के चलते ढह गया। डंगे का एक हिस्सा वीरवार को ही रैलिंग समेत ढांक में गिर गया था। इसके बाद पुलिस ने इस सड़क को वन वे कर दिया।

लेकिन भारी ट्रकों की आवाजाही के कारण शुक्रवार को सड़क में बीच तक दरारें पहुंच गई। शाम के समय पुलिस ने इस रोड को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया। इसके बाद ट्रकों, बसों और छोटी गाड़ियों की आवाजाही वाया संजौली से शुरू की गई है। जिले में सेब कारोबार के लिए यही सबसे अहम सड़क है जिससे शहर के बाहर से ही ट्रकों की आवाजाही होती है।
विज्ञापन


अब यह रहेगा ट्रैफिक प्लान-दो दिन शहर में दौड़ेंगे ट्रक
वैकल्पिक मार्ग न होने के कारण ट्रैफिक पुलिस ने ट्रकों की आवाजाही शहर से ही करने का फैसला लिया है। नए ट्रैफिक प्लान के अनुसार अगले दो दिन अपर शिमला-ढली मंडी से बाहरी राज्यों को जाने वाले सेब और सब्जियों से लदे ट्रक मल्याणा की बजाय अब संजौली बाईपास से छोटा शिमला-खलीनी होते हुए शोघी की ओर रवाना किए जाएंगे।

चंडीगढ़ की ओर से आने वाले खाली ट्रक वाया विक्ट्री टनल-लक्कड़ बाजार होते हुए अपर शिमला रवाना होंगे। इनकी आवाजाही दिन-रात जारी रहेगी जिससे शहर में जाम भी लग सकता है। हालांकि, दोनों दिन सुबह आठ से 11 बजे और शाम को चार से सात बजे तक इनकी शहर में एंट्री नहीं होगी। चंडीगढ़ से आने वाले वाहन शोघी और अपर शिमला से आने वाले ट्रक ढली बैरियर से पीछे ही रोक लिए जाएंगे।

मल्याणा नहीं जाएंगी बसें, होगी परेशानी
बसस्टैंड से मल्याणा जाने वाली बसें अब बाजार से पीछे तक ही जाएंगी। रात के समय सोलन, चंडीगढ़ और सिरमौर जाने वाली लॉन्ग रूट की ओर जो बसें मल्याणा जाती थीं, उन्हें अब टूटीकंडी में रोका जा सकता है। मल्याणा से शिमला के लिए संजौली-भट्ठाकुफर से गाड़ियों की आवाजाही होगी।

ट्रकों की आवाजाही प्रभावित होने से सेब कारोबार पर भी असर पड़ सकता है। अपर शिमला में सेब का तुड़ान शुरू हो चुका है और आए दिन हजारों सेब की पेटियां फल मंडी पहुंच रही हैं। दो दिन की छुट्टी के बाद यदि सोमवार को भी सड़क बहाल न हुई तो शहर जाम हो जाएगा।

सड़क जल्द बहाल होने की उम्मीद
सड़क बंद होने के कारण ट्रैफिक प्लान बदलना पड़ा है। शनिवार और रविवार को छुट्टी है। फिर भी लोगों से अपील है कि गाड़ियों की बजाय बसों से आवाजाही का प्रयास करें। सोमवार तक यातायात बहाल होने की उम्मीद है। -पीडी ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें