शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को पानी नहीं आया। आईजीएमसी के पास नगर निगम की मेन पाइपलाइन में लीकेज होने से हजारों लोगों को पानी की सप्लाई नहीं दी जा सकी। तीसरे दिन भी पानी न मिलने से लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी।
आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार, रुल्दूभट्ठा, जाखू और यूएस क्लब एरिया में पानी नहीं आया। इन इलाकों में बुधवार को पानी दिया था। निगम के अनुसार आईजीएमसी के कैंसर अस्पताल के पास वीरवार शाम संजौली से रिज मैदान आने वाली 18 इंच की मेन पाइपलाइन में लीकेज हो गई। सूचना मिलते ही निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काम शुरू कर दिया। लीकेज दुरुस्त करने के बाद सप्लाई शुरू की तो दूसरे प्वाइंट पर लीकेज हो गई।
वीरवार देर रात तक काम जारी रहा। लेकिन लीकेज ठीक नहीं हो पाई। शुक्रवार देर शाम तक निगम की टीम पाइपलाइन की मरम्मत में लगी रही। रिज टैंक के लिए पानी न आने से जाखू टैंक के लिए भी पंपिंग नहीं की जा सकी। निगम अभियंता विजय गुप्ता ने कहा कि पुरानी पाइपलाइन में लीकेज होने से पेयजल आपूर्ति बाधित रही। शनिवार को इन इलाकों में पानी दिया जाएगा।
नई पाइपलाइन से सप्लाई का इंतजार
संजौली से रिज मैदान तक नगर निगम ने नई पाइपलाइन बिछा दी है। लेकिन इससे अभी आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। सालों पुरानी दूसरी लाइन में जगह-जगह लीकेज हो रही है। संजौली से रिज तक के करीब दो किलोमीटर लाइन में ही रोजाना दो एमएलडी पानी बेकार बह रहा है। उधर वीरवार से इस पाइपलाइन से सप्लाई पूरी तरह से ठप हो गई है।
लोग परेशान, खरीदकर पीना पड़ा पानी
पानी न आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लक्कड़ बाजार में होटलों और ढाबों में पीने तक के लिए पानी नहीं था। लोगों को दुकान से खरीदकर पानी पीना पड़ा।