अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। त्योहारी सीजन में खाद्य आपूर्ति महकमा अब और सक्रिय हो गया है। निरीक्षण का दौर शहर में दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार को महकमे के इंस्पेक्टरों की टीम के साथ खुद जिला नियंत्रक फील्ड में उतरे। उन्होंने टीम को लीड करते हुए बालूगंज, टुटू और ढैंडा में पहुंचकर औचक निरीक्षण कर सामान जब्त किया। यहां पर अधिकांश दुकानदारों ने दुकानों में दाल, चीनी और अन्य खाद्य पदार्थों की रेट लिस्ट नहीं लगाई थी। इसके बाद महकमे के अधिकारियों ने तुरंत मौके पर चालान काटे। टीम ने छह क्विंटल ग्यारह किलो फल-सब्जी और सात क्ंिवटल पैंतीस किलो दाल व चीनी जब्त की है।
अमर उजाला ने बीते दिन ‘एक ओर निरीक्षण, दूसरी तरफ लगाते रहे रेट लिस्ट’ शीर्षक से औचक निरीक्षण की औपचारिकता के बारे में प्रमुखता से खबर छापी थी। इसके बाद अधिकारियों ने खुद मौके का दौरा किया। इस दौरान टीम ने कुल 27 निरीक्षण किए। टीम ने एक-एक दुकानों में जाकर रेट लिस्ट जांची। इनमें से अधिकांश दुकानदारों के पास रेट लिस्ट नहीं थी। वहीं होटलों और ढाबों में भी घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इन सिलेंडरों की संख्या पंद्रह थी। वहीं फल व सब्जियों की दुकानों में भी छापामारी की गई। दुकानों में भी रेट लिस्ट न दर्शा पाने वाले दुकानदारों के यहां से राजमा, दाल चना व उड़द के अलावा चीनी को भी जब्त किया है। महकमे का दावा है कि आगामी दिनों में भी यह प्रक्रिया जारी रहेगी।
कोट्स
जिन दुकानों में रेट लिस्ट नहीं लगाई गई थी। वहां से सामान को जब्त किया गया है। घरेलू सिलेंडर भी मौके पर से पकड़े है।
- पुरुषोत्तम सिंह, जिला नियंत्रक खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले