अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
हिमाचल में मौसम के तेवर बदल गए हैं। वीरवार सुबह चटक धूप खिली रही लेकिन दोपहर बाद राजधानी शिमला समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। रोहतांग, धौलाधार और भरमौर की चोटियों पर हल्का हिमपात भी हुआ है। बारिश-बर्फबारी से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश- बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। 13 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।
लाहौल घाटी की घेपन पीक, ड्रिलबू, सेवन सिस्टर पीक, बारालाचा और रोहतांग दर्रे में हल्की बर्फबारी हुई है। सितंबर के पहले सप्ताह में चोटियों पर बर्फबारी को सर्दियों का आगाज माना जा रहा है। धौलाधार की पहाड़ियों के अलावा चंबा के भरमौर के मणिमहेश, कुगति, चौबिया, सुपा, बडग्राम, क्वांरसी, घटौर, जालसू जोत पर हिमपात हुआ है। हिमाचल पथ परिवहन निगम के आरएम मंगल चंद मनेपा ने बताया कि हल्की बर्फबारी के बावजूद मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है।
उधर, रामपुर उपमंडल के ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार शाम हुई भारी ओलावृष्टि से कृषि और बागवानी को खासा नुकसान पहुंचा है। फांचा पंचायत के नंती टिक्कर में ओलावृष्टि से सेब, राजमा, ओगला सहित अन्य फसलों को नुकसान हुआ है।
वीरवार को शिमला में अधिकतम तापमान 22.0, ऊना में 34.3, सोलन में 27.0, नाहन में 27.8, कांगड़ा में 31.2, धर्मशाला में 26.8, भुंतर में 29.0, सुंदरनगर में 31.0, कल्पा में 20.4, हमीरपुर में 32.4, बिलासपुर में 32.5 और मंडी में 29.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।