बुधवार को डीएसपी देहरा अंकित शर्मा के निर्देशानुसार एसएचओ देहरा कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एएसआई राजीव, हेड कांस्टेबल राजीव, राजेश, रोहित, पुष्पिंदर ने दुकान पर दबिश दी और देसी शराब की अवैध 108 पेटी बरामद की। अवैध शराब की पेटियां लोअर भलवाल में एक दुकान में छुपाई हुई थी।
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा पुलिस ने अवैध देसी शराब की 108 पेटियां पकड़ी हैं। मंडी जिला में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के बाद अवैध शराब कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। देहरा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जसवां परागपुर विधानसभा के तहत लोअर भलवाल में एक दुकान में भारी मात्रा में अवैध शराब की पेटियां रखी हुई हैं। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा के निर्देशानुसार एक पुलिस टीम का गठन किया गया।
विज्ञापन
इसमें एसएचओ देहरा कुलदीप कुमार के नेतृत्व में लोअर भलवाल में स्थित दुकान पर दबिश दी गई, जहां 108 पेटियां पकड़ी गई हैं। यह अवैध देसी शराब संतरा मार्का की है। इस मार्का की शराब पर पुलिस पहले ही अलर्ट है। पुलिस ने शराब पेटियों के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी देहरा अंकित शर्मा ने बताया कि पुलिस किसी भी सूरत में शराब का अवैध कार्य करने वालों को बख्शेगी नहीं। साथ ही तमाम शराब ठेकों के मालिकों को हिदायत दी है कि कानून की पालना करते हुए अपना कार्य करें।