हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में वीरवार को एसएफआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद विवि परिसर में पुलिस बल तैनात कर दिया है। गेट पर पहचान पत्र जांच के करने के बाद ही विवि में छात्रों को प्रवेश दिया गया। दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं के बीच में पहले समरहिल चौक, फिर विधि विभाग के बाहर और इसके बाद पुस्तकालय के बाहर धक्कामुक्की हुई। इसमें कार्यकर्ताओं में लात मुक्के भी खूब चले। दोनों छात्र संगठनों ने एक दूसरे पर मारपीट करने और परिसर में हिंसा का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस चौकी समरहिल में शिकायतें दर्ज करवाई हैं।
थाना बालुगंज प्रभारी और चौकी प्रभारी ने कैंपस पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। देर शाम तक छात्र संगठनों की शिकायतों पर पुलिस जांच कर रही थी। विवि के सुरक्षा अधिकारी डीएसपी सुरेश चौहान ने माना कि दोपहर के करीब दोनों संगठनों के बीच पहले कहासुनी हुई, उसके बाद हाथापाई। इसमें पांच कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आई हैं। इनका मेडिकल भी करवाया है। दोपहर बाद करीब तीन बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनमोहन ने कैंपस में पहुंच कर सुरक्षा अधिकारी के कार्यालय में दोनों संगठनों के पदाधिकारियों को बुलाकर कैंपस में शांति बनाए रखने की अपील की।
इस पर एसएफआई अध्यक्ष जीवन और अनिल जबकि एबीवीपी से सचिव अंकित तथा दो अन्य ने कैंपस में शांति बनाए रखने को सहयोग करने की बात कही। सुरक्षा अधिकारी ने कहा कि पहली बार इस सत्र में यह झड़पें हुई हैं। इसके बाद से कैंपस में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम कर दिए हैं। अनुशासन में न रहने वाले और लड़ाई झगड़ा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। कैंपस और छात्रावासों में रात्रि गश्त होगी।