मैहली और मल्याणा के बीच शकराला के पास गनूटी में कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर बुधवार दोपहर एक बजे भारी भूस्खलन हो गया। पूरा पहाड़ ही दरक कर सड़क पर आ गया है। इससे नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। सड़क के दोनों ओर ट्रक फंसे हुए हैं। भूस्खलन के दौरान सड़क पर एक बड़ी चट्टान आ गई जिस कारण सड़क भी धंस गई। भूस्खलन की सूचना मिलते ही उपायुक्त शिमला अमित कश्यप प्रशासनिक अमले के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। सेब और सब्जी की सप्लाई इसी सड़क से होकर जाती है। सड़क बंद होने के कारण पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी है। अब रात के समय शहर से होकर सेब सब्जी के ट्रक गुजरेंगे। नेशनल हाईवे को बंद पड़े 36 घंटे से अधिक का समय हो चुका है तथा बहाली में अभी काफी दिन लग सकते हैं।
एनएचएआई (नेशनल हाइवे आथारिटी आफ इंडिया) ने सड़क बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। बुधवार से ही एनएचएआई के इंजीनियर और अधिकारी मौके पर तैनात हैं। सड़क पर आई चट्टान को काटने के लिए रैंप तैयार कर लिया है। चट्टान के कोनों को काटने का काम शुरू कर दिया है। अनुमान लगाया जा रहा है कि चिट्टान करीब 10 मीटर लंबी है। वहीं जिस स्थान पर भूस्खलन हुआ है उससे ठीक ऊपर हिमुडा कालोनी है जबकि सड़क के नीचे गनूटी गांव हैं। चट्टान को काटने के बाद निकलने वाला मलबा ठिकाने लगाना भी बड़ी चुनौती है। एनएचएआई के अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर ही चट्टान को छोटे टुकड़ों में काटने का प्रयास किया जा रहा है ताकि बड़े पत्थरों के सड़क से नीचे गिरने से कोई बड़ी घटना न हो। जिला प्रशासन की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों को राहत कार्यों में सहयोग के आदेश दिए हैं। डीसी अमित कश्यप ने बताया कि सड़क बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। जल्द से जल्द सड़क बहाल कर दी जाएगी।
यह रहेगा वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान
नेशनल हाइवे बंद होने के बाद पुलिस ने वैकल्पिक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। डीएसपी ट्रैफिक पीडी ठाकुर ने बताया कि ऊपरी शिमला ढली मंडी से बाहरी राज्यों को जाने वाले सेब और सब्जियों से लदे ट्रक संजौली बाईपास से छोटा शिमला-खलीनी होते हुए शोघी की ओर रवाना किए जाएंगे। चंडीगढ़ की ओर से आने वाले खाली ट्रक वाया विक्ट्री टनल-लक्कड़ बाजार होते हुए अपर शिमला रवाना होंगे। शहर में ट्रकों की एंट्री रात के समय ही होगी।
बस सेवा प्रभावित, झेलनी पड़ेगी परेशानी
मैहली और मल्याणा के बीच हुए भारी भूस्खलन के बाद सड़क बंद होने से एचआरटीसी की ढली-टूटीकंडी आईएसबीटी बस सेवा बाधित हो गई है। इस रूट पर लोगों की सुविधा के लिए ढली से मल्याणा और आईएसबीटी से मैहली तक बस सेवा चलाई जा रही है। एचआरटीसी ने वाया संजौली भी बस सेवा चलाई है ताकि लोगों को दिक्कत पेश न आए। इस रूट पर स्कूल बसों के संचालन में एचआरटीसी को भारी दिक्कत झेलनी पड़ रही है। टूटीकंडी बाईपास से होकर चलने वाले वाहन अब शहर से होकर चल रहे हैं जिससे शहर में जाम की समस्या गहरा गई है।