शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य विकास औद्योगिक निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा को छह सालों के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। ठियोग से कांग्रेस प्रत्याशी दीपक राठौर के खिलाफ काम करने के आरोप मेें अतुल शर्मा के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
ठियोग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी दीपक राठौर ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेजी शिकायत में कहा था कि अतुल शर्मा उनके खिलाफ काम कर रहे हैं। पार्टी की ओर से बड़े पदों पर मनोनीत कांग्रेस के नेता ही पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार न कर विरोधियों का सहयोग करेंगे तो संगठन को नुकसान पहुंचेगा। शिकायत के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अतुल शर्मा की प्राथमिक सदस्यता छह सालों के लिए रद्द कर दी है।
ठियोग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी दीपक राठौरने कहा कि पार्टी नेता होने के नाते अतुल शर्मा से चुनाव प्रचार में सहयोग का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने सहयोग नहीं दिया। मुझे मिली रिपोर्टों में पता चला है कि वह विरोधियों का साथ दे रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी को इसकी शिकायत की गई थी।
संभावित हार का ठीकरा मेरे सिर फोड़ने की कोशिश : अतुल
राज्य विकास औद्योगिक निगम के उपाध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि दीपक राठौर अपनी संभावित हार का ठीकरा बौखलाहट में मेरे सिर फोड़ रहे हैं। राठौर के पक्ष में मैने तीन दिन प्रचार किया है। इसके अलावा चुनाव पर्यवेक्षक संजय दत्त के साथ नुक्कड़ सभाएं संबोधित की हैं। शिमला ग्रामीण के सराज का प्रभारी होने के नाते वहां भी पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार किया है।
अतुल शर्मा पहले भी एक बार पार्टी से निलंबित किए जा चुके हैं। पांच साल पहले उन पर तत्कालीन कांग्रेस प्रभारी चौधरी बीरेंद्र सिंह के खिलाफ नारेबाजी करने के आरोप में निलंबित किया गया था। हालांकि, बाद में सीएम वीरभद्र सिंह के हस्तक्षेप के बाद उन्हें बहाल कर दिया गया।