अमर उजाला ब्यूरो
शिमला।
राजधानी का ऐतिहासिक ब्वॉयज वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी अब ई सर्विलांस के दायरे में आ गया है। स्कूल के 17 क्लास रूम और कैंपस में 21 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। अब क्लास रूम और कैंपस में गेट से एंट्री होने से लेकर स्कूल छोड़ने तक की छात्रों की हर हरकत और गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड होगी। इसमें 15 दिनों तक बैकअप रहेगा। पांच लाख की राशि खर्च कर स्कूल परिसर को ई सर्विलांस के दायरे में लाया गया है। प्रिंसिपल कार्यालय को कंट्रोल रूम बनाया गया है। स्कूल प्रिंसिपल हर क्लास रूम की गतिविधियों को लाइव देख सकेंगे। स्कूल प्रशासन ने कैमरे के माध्यम से क्लास रूम की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए शिक्षकों का बाकायदा ड्यूटी चार्ट बनाया है। ये नियमित तौर पर छात्रों और क्लास रूम पर नजर रखेंगे। कैंपस में इन कैमरों को पिछले चार दिनों से ट्रायल पर रखा गया था, जो सफल रहा है। कैमरा लग जाने के बाद स्कूल परिसर में छात्रों के व्यवहार में कुछ सकारात्मक सुधार भी देखने को मिलने लगा है। शहर के सबसे पुराने स्कूल लालपानी में इस आधुनिक सुविधा के शुरू किए जाने का स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राम कृष्ण वर्मा और सभी अभिभावकों ने स्वागत किया है। स्कूल में सीसीटीवी कैमरा और नेटवर्क स्थापित करने में उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने विशेष रुचि ली। इसके लिए उन्होंने फंड आदि की व्यवस्था और मार्गदर्शन किया।
....
छात्रों के व्यवहार में आया बदलाव : एलआर भारद्वाज
ब्वॉयज वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी के प्रिंसिपल एलआर भारद्वाज ने कहा कि स्कूल के क्लास रूम और कैंपस में 21 सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं। कैमरे लगने के बाद क्लास रूम और कैंपस में छात्रों के व्यवहार में बदलाव आया है। कौन सी क्लास में क्या चल रहा है, इसकी पूरी जानकारी एक ही स्क्रीन पर मिलने लगी है। छात्रों के क्लास से गायब रहने में भी कमी नजर आने लगी है। अभिभावकों तक उनके बच्चों की हर जानकारी साझा करने को स्कूल को लाइव क्लास रूम की सुविधा शुरू करने का प्रयास होगा।