ऑटो रिक्शा में तय किया लेह से शिमला तक का सफर
- फोटो : अमर उजाला
पर्यावरण संरक्षण और युगांडा के स्कूलों के लिए पैसा जुटाने के मकसद से 15 देशों के 45 विदेशियों ने 15 ऑटो रिक्शा में लेह से शिमला तक एक हजार किलोमीटर का सफर तय किया। बीते शनिवार को विदेशियों की यह अनूठी यात्रा शुरू हुई थी।
सात दिन बाद अलग-अलग रूटों से शुक्रवार देर शाम ये लोग शिमला पहुंचे। इस दल में एक ऑटो में प्रत्येक देश के तीन लोग शामिल रहे। जांबाजों के दल में शामिल न्यूजीलैंड के तीन प्रतिनिधियों का गुरुवार रात मंडी के भ्यूली में पड़ाव रहा।
दल के प्रमुख जॉन स्टोक्स ने बताया कि पहाड़ी दर्रों, बर्फ और जोखिम भरी सड़कों को पार कर वे मंडी पहुंचे। रिक्शा रन के पीछे दो खास मकसद हैं। इसमें पर्यावरण संरक्षण और युगांडा के स्कूल के लिए चैरिटी जुटाने का लक्ष्य रखा गया।
दल की इकलौती महिला सदस्य निक्की मकॉय ने बताया कि दो पुरुषों के साथ सफर करना उनके लिए नया अनुभव था। निक्की के अनुसार यह एक चैलेंज था जिसे टीम वर्क के रूप में पूरा करना था। इस कार्य को पूरा करने में दोनों पुरुषों का उन्हें अच्छा सहयोग मिला।