शिमला। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने कहा है कि ये बात सही नहीं है कि केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय ने गुजरात के भूमि अधिग्रहण मॉडल को सराहा है। मंत्रालय को दी गई एक रिपोर्ट में कंसल्टेंसी फर्म एक्सेंचर ने इस मॉडल को सही बताया है, न कि कॉमर्स मंत्रालय ने। केंद्र सरकार की नजर में गुजरात में कुछ उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए दी गई भूमि की आवंटन प्रक्रिया गलत है। फिर चाहे अधिग्रहण की नीति जैसी भी हो। वह शिमला में वोट डालने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
आनंद शर्मा ने कहा कि उनके मंत्रालय या केंद्र सरकार ने कभी गुजरात के किसी मॉडल की तारीफ नहीं की है। मंत्रालय के पॉलिसी एंड प्रमोशन विंग ने एक्सेंचर को कंसलटेंट नियुक्त किया है और उसकी रिपोर्ट में गुजरात के ऊपर भी कई राज्य दिखाए गए हैं। इसलिए केवल गुजरात से जोड़कर इसे देखना ठीक नहीं है। आनंद शर्मा ने अपना वोट भराड़ी के कलस्टन बूथ पर बुधवार को सवेरे सवा दस बजे डाला। उनके साथ एपीडा के निदेशक कुलदीप राठौर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरभजन सिंह भज्जी और प्रदेश कांग्रेस सचिव अनिल गोयल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। उन्होंने ये दावा भी किया कि लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी की कोई लहर नहीं है। इसके बाद आनंद शर्मा वाराणसी के लिए रवाना हो गए। वह पिछले तीन दिन से शिमला में थे।