शिमला। तीन विधानसभा क्षेत्रों के 21 प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा संजौली कालेज में रखा गया है। शिमला सिटी, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी का स्ट्रांग रूम कालेज के आर्ट्स ब्लाक में बनाया गया है। यहां ईवीएम मशीनें कड़ी सुरक्षा के बीच रखी गई हैं। हथियारबंद सुरक्षा कर्मी चौकस निगाहों से 24 घंटे मोर्चा संभाले हुए हैं। इसके अलावा अन्य विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रांग रूम ठियोग, रामपुर, रोहडू़ और चौपाल में बनाए गए हैं। जिन ईवीएम का इस्तेमाल मतदान में नहीं हुआ, उन खाली ईवीएम को उपायुक्त कार्यालय में लाया गया है। इस बात की पुष्टि एडीएम (प्रोटोकाल) राम कुमार गौतम ने की है।
जिला में कुल 992 पोलिंग बूथ बनाए थे। बैकअप के लिए ईवीएम दी थीं। कुछ जगहों पर ही ईवीएम रिप्लेस हुईं। प्रशासन का दावा है कि सभी बूथों से स्ट्रांग रूम में ईवीएम पहुंचा दी गई हैं। प्रत्याशियों की धुकधुकी 20 दिसंबर तक बनी रहेगी। इसी दिन सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। शिमला शहर, चौपाल, जुब्बल कोटखाई, ठियोग और कसुम्पटी में कांटे की टक्कर है। इन विधानसभा क्षेत्रों में सभी की नजरें टिकी हैं।